
नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से नई दिल्ली में मुलाकात की। खरगे के सरकारी आवास 10 राजाजी मार्ग पर हुई इस मुलाकात को पठानियां ने शिष्टाचार भेंट बताया। इस दौरान प्रदेश की राजनीतिक गतिविधियों, जिला चंबा में कांग्रेस की स्थिति और आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर राजनीतिक परिदृश्य पर चर्चा हुई।
कुलदीप सिंह पठानिया इन दिनों नई दिल्ली में आयोजित 12वें ब्रिक्स संसदीय मंच 2026 में भाग लेने के लिए दिल्ली दौरे पर हैं। इसी दौरान उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात कर हिमाचल प्रदेश की राजनीति से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए।
पठानियां ने बताया कि मुलाकात के दौरान जिला चंबा सहित प्रदेश के कई राजनीतिक पहलुओं पर चर्चा हुई। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष के रूप में सदन के भीतर निभाई जा रही अपनी भूमिका और कार्यशैली को लेकर भी खरगे के साथ विचार-विमर्श किया। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस की गतिविधियों और राजनीतिक परिस्थितियों के संबंध में अपना दृष्टिकोण भी रखा।
पठानियां ने कहा कि वह आधारभूत रूप से कांग्रेसी विचारधारा से जुड़े रहे हैं। ऐसे में उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ प्रदेश में पार्टी की गतिविधियों और राजनीतिक स्थिति पर अपने अनुभव साझा किए। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश में चल रही राजनीतिक गतिविधियों और बदलते राजनीतिक परिदृश्य पर भी चर्चा की गई।
मुलाकात के दौरान अगले वर्ष प्रस्तावित विधानसभा चुनावों के संदर्भ में भी विचार-विमर्श हुआ। चुनावी वर्ष को देखते हुए प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों और संभावित चुनौतियों पर चर्चा को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, पठानियां ने इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताते हुए बातचीत के प्रमुख विषयों में प्रदेश और जिला चंबा की राजनीति को शामिल बताया।
📍 Location: शिमला (शिमला)