
कैथल : कैथल पुलिस ने सुबह पूंडरी के फतेहपुर क्षेत्र में संदिग्ध नशा तस्करों के ठिकानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया। डीएसपी सुशील प्रकाश के नेतृत्व में करीब 100 पुलिस कर्मचारियों की टीमों ने स्निफर डॉग की मदद से संदिग्धों के करीब 10 घरों की जांच की। पुलिस ने घरों के अलावा आसपास के अन्य स्थानों को भी खंगाला, ताकि नशीले पदार्थों की संभावित मौजूदगी और आपराधिक गतिविधियों का पता लगाया जा सके।
अचानक हुई इस कार्रवाई में पूंडरी थाना प्रभारी पीएसआई सुनील कुमार और स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट के इंचार्ज पीएसआई संदीप कुमार की टीमें भी शामिल रहीं। अभियान के दौरान पुलिस ने यह जांच की कि कहीं नशीले पदार्थ छिपाकर तो नहीं रखे गए हैं और संदिग्ध स्थानों पर कोई गैरकानूनी गतिविधि तो नहीं चल रही है। डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि पुलिस का उद्देश्य नशे के कारोबार में शामिल लोगों पर शिकंजा कसने के साथ अपराधियों में कानून का भय पैदा करना है।
उन्होंने कहा कि जिले में नशा तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक जिले में नशा तस्करी के 189 मामलों में 302 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने आमजन से अपील की कि नशा तस्करी या किसी अन्य गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी मिलने पर बिना किसी डर के पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।