
Indian tourists missing in Nepal: नेपाल की सबसे गहरी झील शे-फोक्सुंडो झील की ओर ट्रेकिंग पर गए छह भारतीय पर्यटक भारी बर्फबारी के बाद लापता हो गए हैं। अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है। लापता भारतीय पर्यटकों में दो महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं। ये सभी डोल्पो बुद्ध ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड नंबर 4 और 8 से शे-फोक्सुंडो झील की ओर जा रहे थे।
इन पर्यटकों के वार्ड नंबर 4 और 8 के बीच स्थित नुमला पास और बगला पास के इलाकों में लापता होने की आखिरी सूचना मिली थी। स्थानीय गाइडों को आशंका है कि बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे चक्रवात अर्नब के प्रभाव से हिमालयी क्षेत्र में हुई भारी बर्फबारी के कारण पर्यटक रास्ते में फंस गए होंगे।
ये भी पढ़ें- IND vs NZ 5th T20: न्यूजीलैंड ने जीता टॉस, भारत के खिलाफ चुनी गेंदबाजी; टीम इंडिया में 2 बड़े बदलाव
ग्रामीणों ने दी थी चेतावनी
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, ग्रामीणों ने पर्यटकों को बर्फबारी के कारण पहाड़ी दर्रों को पार करने में होने वाली कठिनाइयों के बारे में चेतावनी दी थी, इसके बावजूद वे ऊंचाई वाले इलाके की ओर बढ़ गए। माना जा रहा है कि लौटते समय वे बर्फ में फंस गए।
डोल्पा की मुख्य जिला अधिकारी जुनु हमाल ने पुष्टि करते हुए कहा, “पर्यटक धो से फोक्सुंडो झील की ओर लौटते समय फंस गए।” उन्होंने कहा, “स्थानीय लोगों ने उन्हें खराब मौसम और पहाड़ी परिस्थितियों को लेकर चेतावनी दी थी, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने अपनी यात्रा जारी रखी।”
अलग-अलग देशों के नागरिक पहुचें डोल्पा
शे-फोक्सुंडो ग्रामीण नगरपालिका के अध्यक्ष धावा समदुक गुरंग ने कहा, “वार्ड नंबर 4 और 8 के बीच स्थित पहाड़ी दर्रों में मोबाइल फोन नेटवर्क उपलब्ध नहीं है। इसके कारण पर्यटकों की लोकेशन और उनकी मौजूदा स्थिति के बारे में जानकारी जुटाना मुश्किल हो रहा है।”
ये भी पढ़ें- BREAKING: विधायक पठानमाजरा और जौड़ामाजरा ने AAP से दिया इस्तीफा, देखें Live
जिला प्रशासन कार्यालय के अनुसार, कुल 244 पर्यटक अपर डोल्पा पहुंच चुके हैं। इनमें 149 नेपाली नागरिक, 44 सार्क देशों के नागरिक और 51 अन्य विदेशी नागरिक शामिल हैं।
पर्यटकों से प्रशासन की अपील
प्रतिकूल मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने पर्यटकों से जोखिम भरे इलाकों में जाने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
हाल के वर्षों में शे-फोक्सुंडो झील क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या में लगातार वृद्धि हुई है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2082/83 के पहले 11 महीनों के दौरान 4,882 पर्यटकों ने फोक्सुंडो झील का दौरा किया।
भारतीय पर्यटकों से नहीं हो पा रहा संपर्क
डोल्पा के पुलिस उपाधीक्षक अनिल राज गिरी ने कहा, “ताजा जानकारी के अनुसार, छह भारतीय पर्यटकों से संपर्क नहीं हो पा रहा है।” उन्होंने आगे बताया, “खोज और बचाव अभियान के लिए हेलीकॉप्टर की व्यवस्था करने को संबंधित एजेंसी से अनुरोध किया गया है।”
खराब मौसम के कारण बचाव अभियान में आई बाधा
हिमालय के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी और खराब मौसम के कारण खोज एवं बचाव अभियान में बाधा आ रही है। क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क की अनुपलब्धता और बर्फ की मोटी परत के कारण पर्यटकों की लोकेशन और उनकी स्थिति का पता लगाना मुश्किल हो रहा है। लापता पर्यटकों का पता लगाने और उनके बचाव में सहायता के लिए नेपाली सेना की एक टीम भी तैनात की गई है।