
नेशनल डेस्कः गंगा एक्सप्रेसवे पर लालगंज के उमरामऊ के पास रविवार को श्रद्धालुओं से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस में सवार 19 श्रद्धालु घायल हो गए। सभी श्रद्धालु पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
बताया गया कि हावड़ा के कदमतला इलाके के श्रद्धालुओं का एक जत्था बस से वृंदावन दर्शन के लिए गया था। वृंदावन में दर्शन करने के बाद सभी श्रद्धालु काशी विश्वनाथ मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान लालगंज क्षेत्र में उमरामऊ के पास बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।
चालक को झपकी आने की बात सामने आई
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा चालक को झपकी आने के कारण हुआ। चालक का बस पर नियंत्रण नहीं रहा और बस पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
कई श्रद्धालुओं को आई चोटें
हादसे में सुदीप सिंह, उनकी पत्नी मोनिता, बेटी सोमाली और बेटे सेयम सिंह समेत कई श्रद्धालु घायल हुए। इसके अलावा पुरखित पांजा, उत्तम दिलोई, रोमा, मिनोती दास, सुजीत, सुहानी, दरजीत, विभव दिलई, श्रेष्टा मन्ना, स्वामी रामदेव मन्ना, रूबी मन्ना, अशोक दास, खैतली मन्ना और वंदना समेत अन्य श्रद्धालु भी घायल हुए।
एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाए गए घायल
हादसे की सूचना मिलते ही लालगंज के कोतवाल प्रमोद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। श्रद्धालुओं का सामान भी पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया।
6 श्रद्धालुओं की हालत गंभीर
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल सेयम सिंह, पुरखित पांजा, उत्तम दिलोई, रोमा, सोमाली और वंदना को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस और अस्पताल की टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिलाने के साथ उनके लिए चाय और बिस्किट की भी व्यवस्था कराई। इसके बाद गंभीर घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।