
48 Cartons of Firecrackers Seized in Karnal : करनाल। दिवाली से पहले करनाल पुलिस ने अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निगदू में एक जनरल स्टोर के पीछे बने गोदाम पर छापा मारा। पुलिस ने मौके से 48 पेटी पटाखे जब्त कर दुकानदार को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास पटाखों के भंडारण और बिक्री का कोई वैध लाइसेंस या परमिट नहीं मिला।
सूचना के आधार पर थाना निगदू प्रबंधक निरीक्षक सतीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर गोदाम की जांच की। तलाशी के दौरान वहां से 7-UP PANDYAN’S ब्रांड के स्काई शॉट पटाखों की 32 पेटी और 60 SHOT POPEYE ब्रांड के स्काई शॉट पटाखों की 16 पेटी बरामद हुईं। इस तरह पुलिस ने कुल 48 पेटी पटाखे जब्त किए। पुलिस ने दुकानदार से पटाखों के भंडारण और बिक्री के लिए जरूरी लाइसेंस, परमिट तथा अग्निशमन विभाग की अनापत्ति प्रमाणपत्र (फायर एनओसी) प्रस्तुत करने को कहा। हालांकि, वह कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने पटाखों को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की। इस मामले में 31 अक्टूबर को थाना निगदू में विस्फोटक अधिनियम, 1884 की धारा 9(बी) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।