Last Updated: November 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

लक्ष्य हत्याकांड में सातवां आरोपी गिरफ्तार

November 1, 2026

लक्ष्य हत्याकांड में सातवां आरोपी गिरफ्तार

Seventh Accused Arrested in Lakshya Murder Case : करनाल। रंजिश के चलते युवक लक्ष्य की हत्या के मामले में जिला पुलिस ने सातवें आरोपी को गिरफ्तार किया है। सीआईए-3 की टीम ने कार्रवाई करते हुए सेक्टर-9 निवासी सुजाल को काबू किया।

पुलिस के अनुसार, मामले में अब तक सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। गिरफ्तार आरोपी को रविवार को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि वारदात में उसकी भूमिका और अन्य पहलुओं की जांच की जा सके। पुलिस अधीक्षक करनाल करन गोयल के दिशा-निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सीआईए-3 प्रभारी निरीक्षक अजेय कुमार के नेतृत्व में उप निरीक्षक हरदीप सिंह की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, 14 अक्टूबर 2026 को लक्ष्य अपने दोस्त के साथ पुराना बस अड्डा, करनाल के पीछे एक गाड़ी में बैठा हुआ था।

इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते कुछ युवकों ने उस पर लाठी-डंडों, चाकुओं और अन्य तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में लक्ष्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे उपचार के लिए करनाल के अमृतधारा अस्पताल में भर्ती करवाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे चंडीगढ़ रेफर कर दिया। यहां फोर्टिस अस्पताल में उपचार के दौरान 15 अक्टूबर को लक्ष्य ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर 15 अक्टूबर को थाना शहर करनाल में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। जांच के दौरान पुलिस ने पहले छह आरोपियों गुरलाज, पुनीत, गौतम, आर्यन, आकाश और अमन को गिरफ्तार किया था।

पूछताछ और जांच के दौरान सुजाल की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस टीम ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करने की तैयारी में है। पुलिस मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है और नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें