
शिमला: जिला शिमला में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में पुलिस थाना संजौली की टीम ने PIT-NDPS अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए एक और नशा तस्कर को निरुद्ध किया है। आरोपी की पहचान सौरभ निवासी गांव मधान, तहसील ठियोग, जिला शिमला के रूप में हुई है। आरोपी को दो नवंबर 2026 को PIT-NDPS अधिनियम की धारा 3(1) के तहत प्राप्त निरोध आदेश के अनुपालन में निरुद्ध किया गया है। इसके बाद उसे आदेशानुसार मॉडल सेंट्रल जेल कंडा भेजा जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सौरभ के खिलाफ इससे पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े दो मामले दर्ज हो चुके हैं। वर्ष 2023 में पुलिस थाना ढली में दर्ज अभियोग संख्या 153/2023 के तहत उसके कब्जे से 7.60 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई थी। इसके बाद वर्ष 2026 में पुलिस थाना संजौली में दर्ज अभियोग संख्या 35/2026 में भी आरोपी से 8.780 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुआ था। लगातार नशे से जुड़े मामलों में संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने उसकी गतिविधियों पर निगरानी रखी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की गतिविधियों से संबंधित खुफिया सूचनाओं और विभिन्न रिपोर्टों का आकलन करने के बाद उसके खिलाफ निवारक निरोध की कार्रवाई का प्रस्ताव तैयार कर सक्षम प्राधिकारी को भेजा गया था। सक्षम प्राधिकारी से PIT-NDPS अधिनियम की धारा 3(1) के तहत निरोध आदेश प्राप्त होने के बाद पुलिस ने उसे अपने कब्जे में लेकर निरुद्ध करने की कार्रवाई अमल में लाई।
2026 में 43 नशा तस्करों पर PIT-NDPS के तहत कार्रवाई
शिमला पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक PIT-NDPS अधिनियम के तहत कुल 43 नशा तस्करों को निरुद्ध किया जा चुका है। वहीं, वर्ष 2025 में इस अधिनियम के तहत केवल तीन व्यक्तियों को निरुद्ध किया गया था, जबकि वर्ष 2024 में एक भी व्यक्ति के खिलाफ इस अधिनियम के तहत निरोधात्मक कार्रवाई नहीं हुई थी।
पिछले तीन वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2026 में इस अधिनियम के तहत की गई कार्रवाई में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। पुलिस का मानना है कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ केवल नियमित कानूनी कार्रवाई ही नहीं, बल्कि उनकी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए निवारक निरोध जैसे कड़े कानूनी प्रावधानों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इसमें संलिप्त लोगों के विरुद्ध कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
📍 Location: शिमला (शिमला)