
जालंधर: शहर के गणेश नगर इलाके में रहने वाले पंजाब पुलिस के रिटायर्ड AIG गुरनाम सिंह पर उनके पड़ोसी द्वारा साथियों के साथ मिलकर हमला करने का मामला सामने आया है। हमले की पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पीड़ित परिवार ने हमले की शिकायत थाना रामामंडी की पुलिस को दे कार्रवाई की मांग की है।
गुरनाम सिंह ने बताया कि वह पत्नी के साथ घर पर मौजूद थे। इसी दौरान उनके पड़ोसी ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनके घर के बाहर बनी थड़ी तोड़नी शुरू कर दी। जब गुरनाम सिंह ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। इस दौरान हुई धक्का-मुक्की में वह नीचे गिर गए, जिससे उनके शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
हमले की घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज में 4 से 5 व्यक्ति उनके साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद उन्होंने थाना रामामंडी में शिकायत दर्ज करवाकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।