
खन्ना : खन्ना के समराला रोड पर स्थित एक बारदाने के गोदाम में सुबह भीषण आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते गोदाम में रखा लाखों रुपये का बारदाना जलकर राख हो गया। आग लगने की घटना सुबह करीब साढ़े 5 बजे की बताई जा रही है। आग का पता चलते ही तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही खन्ना के अलावा समराला और मंडी गोबिंदगढ़ से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
गोदाम में बारदाना अधिक मात्रा में होने के कारण आग तेजी से फैल गई और दमकल कर्मचारियों को आग पर काबू पाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब 15 फायर ब्रिगेड गाड़ियों की मदद से आग बुझाने का काम किया गया। कई घंटों की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। समय रहते दमकल विभाग की टीमों के पहुंचने से आग को आसपास फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बचाव रहा।
पंकज बारदाना गोदाम के मालिक पंकज कुमार ने बताया कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग के कारण गोदाम में रखा लाखों रुपये का बारदाना जलकर नष्ट हो गया है। उन्होंने बताया कि आग से काफी आर्थिक नुकसान हुआ है।वहीं, फायर ब्रिगेड अधिकारी ने बताया कि आगजनी की सूचना मिलते ही अलग-अलग स्थानों से दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया था। करीब 15 गाड़ियों की सहायता से आग पर काबू पाया गया है। फिलहाल आग नियंत्रण में है। आग लगने के सही कारणों और कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...