
नई दिल्ली : सीबीएसई ने वर्ष 2027 की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की तारीखों की घोषणा कर दी है। दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगी। बोर्ड ने परीक्षा से करीब 101 दिन पहले ही विस्तृत समय-सारिणी जारी कर दी है, ताकि विद्यार्थियों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके। इस बार 10वीं कक्षा में 83 विषयों और 12वीं कक्षा में 121 विषयों की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। विस्तृत समय-सारिण आधिकारिक वैबसाइट पर उपलब्ध है।
सीबीएसई ने 6 नवंबर को सभी संबद्ध विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को जारी पत्र में बताया कि परीक्षा की समय-सारिणी तैयार करने से पहले विद्यार्थियों द्वारा चुने गए विषयों, प्रमुख प्रवेश परीक्षाओं की संभावित तारीखों और परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों की संख्या सहित कई महत्वपूर्ण पहलुओं को ध्यान में रखा गया है। बोर्ड के अनुसार, वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षाओं के लिए 12वीं कक्षा के 19.8 लाख से अधिक और 10वीं कक्षा के 26.5 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। इस तरह दोनों कक्षाओं में कुल 46.3 लाख से अधिक विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
परीक्षा की समय-सारिणी तैयार करते समय उन विषयों के बीच पर्याप्त अंतर रखा गया है, जिन्हें विद्यार्थी अक्सर एक साथ चुनते हैं। इससे विद्यार्थियों को एक विषय की परीक्षा के बाद दूसरे विषय की तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा। सीबीएसई ने 12वीं के विद्यार्थियों की सुविधा के लिए प्रमुख प्रवेश परीक्षाओं के संभावित कार्यक्रम को भी ध्यान में रखा है। बोर्ड ने प्रयास किया है कि 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं इन प्रवेश परीक्षाओं के शुरू होने से पहले पूरी हो जाएं। इससे विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा की तैयारी के साथ-साथ आगे की प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी करने में भी सुविधा होगी।
मेष: दिन शुभ रहेगा...