
BJP Protests Over Garbage Piles Near Schools : मोगा। सफाई व्यवस्था की बदहाली को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने बस्ती गोबिंदगढ़ में नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि ग्लोरियस और सेक्रेड हार्ट स्कूल जाने वाले रास्ते पर लंबे समय से कूड़े के ढेर लगे हैं, जिससे स्कूली बच्चों और स्थानीय निवासियों को दुर्गंध व स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष डॉ. हरजोत कमल के दिशा-निर्देशन में तथा सर्कल अध्यक्ष संजीव सोनू शर्मा के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन करते हुए नगर निगम प्रशासन के खिलाफ रोष जताया। इस अवसर पर मनिंदर कौर, कमलजीत कौर, मनजीत बुट्टर, रुदर शर्मा, नवीन कोहली, कृष्ण सैनी, सतिंदरप्रीत सिंह, हरमन सिंह, निर्मल सिंह, गुरचरन गानू, हरदीप दीपी, रोहित बांसल, कंवरदीप सिंह, जसपाल हैप्पी, हरप्रीत सिंह, लड्डू, गुरप्रीत सिंह, मनी के इलावा अन्य भाजपा साथी उपस्थित थे। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि ग्लोरियस स्कूल के बेहद नजदीक मुख्य सड़क पर लंबे समय से कूड़े का भारी ढेर लगा हुआ है।
यह रास्ता न केवल ग्लोरियस स्कूल, बल्कि सेक्रेड हार्ट स्कूल जाने वाले हजारों बच्चों के आवागमन का भी प्रमुख मार्ग है। इसके अलावा वार्ड नंबर 4 और 5 के निवासी, विशेषकर नींबू वाली गली और बस्ती गोबिंदगढ़ के लोग भी प्रतिदिन इसी रास्ते से गुजरने को मजबूर हैं। सबसे चिंताजनक स्थिति छोटे-छोटे मासूम बच्चों की है, जिन्हें हर रोज कूड़े के ढेर से उठने वाली तेज दुर्गंध के बीच से होकर स्कूल जाना पड़ता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायतें करने के बावजूद न तो क्षेत्रीय पार्षद इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान दे रहे हैं और न ही नगर निगम के अधिकारियों ने इसकी सुध ली है।
प्रदर्शनकारियों ने चिंता जताई कि गंदगी और दुर्गंध के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में कई बच्चे बीमार भी हो चुके हैं। इसके बावजूद सफाई व्यवस्था में सुधार न होना नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। भाजपा नेताओं ने मांग की कि स्कूलों के आसपास और रिहायशी इलाकों में लगे कूड़े के ढेरों को तत्काल हटाया जाए तथा नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि स्कूली बच्चों और स्थानीय निवासियों को इस परेशानी से राहत मिल सके। भाजपा ने चेतावनी दी कि यदि नगर निगम प्रशासन ने जल्द इस समस्या का समाधान नहीं किया तो जनहित में संघर्ष को और तेज किया जाएगा।