Last Updated: November 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

किताबों से नहीं मिटाए जा सकते इतिहास के सवाल : तरुण चुग

November 10, 2026

किताबों से नहीं मिटाए जा सकते इतिहास के सवाल : तरुण चुग

Tarun Chugh Questions Sonia Gandhi Over 1984 : अमृतसर। भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय प्रभारी एवं सांसद तरुण चुग ने कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की पुस्तक को लेकर सवाल उठाते हुए गांधी परिवार के राजनीतिक इतिहास और विवादित घटनाओं पर जवाब मांगा। उन्होंने 1984 के सिख विरोधी दंगों, ऑपरेशन ब्लू स्टार, बोफोर्स घोटाले, भोपाल गैस त्रासदी और 1975 की इमरजेंसी का जिक्र करते हुए पूछा कि क्या सोनिया गांधी ने अपनी पुस्तक में इन घटनाओं की जिम्मेदारी और उनसे जुड़े सवालों पर भी प्रकाश डाला है।

देश जानना चाहता है कि क्या उन्होंने इसमें गांधी परिवार के उन काले अध्यायों का भी जिक्र किया है, जिनके जख्म आज तक नहीं भरे हैं। तरुण चुग ने सवाल किया कि क्या सोनिया गांधी ने अपनी पुस्तक में जून 1984 में श्री हरमंदिर साहिब परिसर में टैंक और तोपें भेजने के फैसले की जवाबदेही तय की है? क्या उन्होंने बताया है कि पवित्र श्री अकाल तख्त साहिब पर मोर्टार से हमला क्यों किया गया और सिखों के सबसे पवित्र धार्मिक स्थलों को युद्ध का मैदान किसने बनाया? वर्ष 1984 में जब निर्दोष सिखों को जिंदा जलाया जा रहा था, तब तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी की भूमिका और उनके विवादित बयान पर उन्होंने क्या लिखा है? क्या बोफोर्स घोटाले में राजीव गांधी की भूमिका और कमीशनखोरी के गंभीर आरोपों का सच भी इस पुस्तक में शामिल है?

तरुण चुग ने आगे पूछा कि क्या सोनिया गांधी ने भोपाल गैस त्रासदी का उल्लेख करते हुए यह बताया है कि जब जहरीली गैस ने हजारों परिवारों को तबाह कर दिया और करीब 30,000 लोगों की मौत का अनुमान सामने आया, तब यूनियन कार्बाइड के प्रमुख वॉरेन एंडरसन को भारत से बाहर जाने की अनुमति कैसे मिली? क्या उन्होंने तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी की सरकार की जवाबदेही पर कोई प्रकाश डाला है? उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि भारतीय नागरिकता प्राप्त करने से पहले सोनिया गांधी का नाम मतदाता सूची में कैसे दर्ज हुआ और भारतीय नागरिक बनने से पहले वह देश के सबसे शक्तिशाली प्रधानमंत्री आवास में किस हैसियत से रह रही थीं?

तरुण चुग ने कहा कि वर्ष 1975 की इमरजेंसी भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय है। जब संविधान, लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को कुचला गया तथा हजारों राजनीतिक विरोधियों को जेलों में बंद कर दिया गया, तब इंदिरा गांधी की लोकतंत्र के प्रति प्रतिबद्धता और उनकी वास्तविक छवि क्या थी? इतिहास के इन सवालों से बचकर केवल अपनी छवि की चिंता करना सिखों और देश के करोड़ों नागरिकों के पुराने जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है। गांधी परिवार को समझना होगा कि किताबों में अपनी छवि गढ़ी जा सकती है, लेकिन इतिहास के तथ्यों और जनता की स्मृति को मिटाया नहीं जा सकता।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें