Last Updated: November 11, 2026

Dainik Savera Times Logo

प्राथमिक शिक्षक संघ की मांगों पर बनी सहमति, 15 नवंबर का धर्मशाला धरना स्थगित

November 11, 2026

प्राथमिक शिक्षक संघ की मांगों पर बनी सहमति, 15 नवंबर का धर्मशाला धरना स्थगित

शिमला। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ हिमाचल प्रदेश और शिक्षा विभाग के बीच मांगों को लेकर हुई सकारात्मक वार्ता के बाद शिक्षक आंदोलन को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। संघ ने 15 नवंबर को धर्मशाला में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को स्थगित करने का निर्णय लिया है।

मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा आशीष कोहली की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में संघ की लगभग अधिकांश मांगों पर सकारात्मक चर्चा हुई और उन पर सहमति बनी है। इस सहमति के बाद अब मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में प्राथमिक शिक्षक संघ और शिक्षा विभाग की संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें सहमति से जुड़ी मांगों पर औपचारिक मुहर लगाई जाएगी।

संघ की ओर से जारी प्रेस नोट में बताया गया कि निदेशक प्रारंभिक शिक्षा के साथ हुई बैठक में शिक्षकों की विभिन्न लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का माहौल सकारात्मक रहा और अधिकांश मांगों को लेकर विभाग की ओर से सहमति जताई गई। इसके बाद संघ ने आंदोलन के अगले चरण के तहत 15 नवंबर को धर्मशाला में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया है। इस घटनाक्रम के बाद शिक्षा विभाग ने भी संघ को जारी किया गया अपना नोटिस वापस ले लिया है।

हालांकि, संघ ने स्पष्ट किया है कि धरना-प्रदर्शन स्थगित करने का अर्थ आंदोलन को पूरी तरह समाप्त करना नहीं है। संघ के पूर्व निर्णय के अनुसार प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय के समक्ष चल रहा क्रमिक अनिश्चितकालीन अनशन जारी रहेगा। शिक्षक संघ का कहना है कि जब तक बैठक में सहमति से तय मांगों के संबंध में धरातल पर आवश्यक अधिसूचनाएं और विभागीय पत्र जारी नहीं किए जाते तथा उन पर उचित कार्रवाई सुनिश्चित नहीं होती, तब तक अनशन समाप्त नहीं किया जाएगा।

संघ पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशों पर होने वाली आगामी संयुक्त बैठक में शिक्षकों की मांगों का स्थायी समाधान निकलेगा और शिक्षा विभाग सहमति के अनुरूप शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करेगा। इस घटनाक्रम को प्राथमिक शिक्षकों और शिक्षा विभाग के बीच जारी गतिरोध को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब शिक्षकों की नजर मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होने वाली बैठक और मांगों पर जारी होने वाले आधिकारिक आदेशों पर टिकी है।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें