Last Updated: November 12, 2026

Dainik Savera Times Logo

नेपाल में फिर आया भूकंप, सुबह-सुबह तेज झटकों से हिली धरती, जानें कितनी रही तीव्रता

November 12, 2026

नेपाल में फिर आया भूकंप, सुबह-सुबह तेज झटकों से हिली धरती, जानें कितनी रही तीव्रता

इंटरनेशनल डेस्कः दुनियाभर में पिछले कुछ समय से भूकंप आने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। कई देशों में भूकंप के कारण भारी तबाही हुई है और हजारों लोगों की जान भी जा चुकी है। लगातार आ रहे भूकंप के झटकों से लोगों के मन में डर बढ़ता जा रहा है। इसी बीच भारत के पड़ोसी देश नेपाल में एक बार फिर भूकंप आया है। गुरुवार सुबह तड़के आए तेज झटकों से धरती हिल उठी। भूकंप के कारण लोगों में दहशत फैल गई।

सुबह 4:30 बजे महसूस किए गए भूकंप के झटके
नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) ने अपने आधिकारिक X हैंडल के जरिए नेपाल में आए भूकंप की जानकारी दी है। संस्थान के मुताबिक, नेपाल में गुरुवार सुबह करीब 4 बजकर 30 मिनट पर भूकंप आया। रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 4.9 मापी गई है। वहीं, भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 73 किलोमीटर नीचे था। सुबह-सुबह आए इन झटकों के कारण लोगों में डर का माहौल देखने को मिला।

 

सितंबर में भी आया था लगातार दो बार भूकंप
नेपाल में भूकंप आने की घटनाएं नई नहीं हैं। इससे पहले सितंबर महीने में भी उत्तर-पश्चिमी नेपाल में लगातार दो बार भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। उस दौरान पहले भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.5 मापी गई थी, जबकि दूसरे भूकंप की तीव्रता 4.2 थी। इन दोनों भूकंपों का केंद्र नेपाल के मुगु जिले के कलाई क्षेत्र के आसपास बताया गया था। भूकंप के झटके आसपास के डोल्पा और जुम्ला जिलों में भी महसूस किए गए थे। नेपाल का इतिहास भी भूकंप से होने वाली भारी तबाही का गवाह रहा है। यहां पहले भी कई बड़े भूकंप आ चुके हैं, जिनमें हजारों लोगों की जान जा चुकी है।

आखिर नेपाल में बार-बार क्यों आते हैं भूकंप
नेपाल दुनिया के सबसे ज्यादा भूकंप प्रभावित क्षेत्रों में शामिल है। इसका सबसे बड़ा कारण यहां की भौगोलिक स्थिति है। नेपाल हिमालयी क्षेत्र में स्थित है, जहां धरती के नीचे मौजूद टेक्टोनिक प्लेटों में लगातार हलचल होती रहती है। दरअसल, हमारी धरती कई बड़ी और छोटी प्लेटों से मिलकर बनी है। इन्हें टेक्टोनिक प्लेट कहा जाता है। ये प्लेटें धरती की ऊपरी परत के नीचे लगातार धीरे-धीरे खिसकती रहती हैं।

जब ये प्लेटें आपस में टकराती हैं, एक-दूसरे से रगड़ खाती हैं या अचानक अपनी जगह से खिसकती हैं, तो धरती के अंदर ऊर्जा जमा होने लगती है। जब यह ऊर्जा अचानक बाहर निकलती है, तो जमीन हिलने लगती है। इसी हलचल को भूकंप कहा जाता है।

हिमालयी क्षेत्र में क्यों बना रहता है भूकंप का खतरा
नेपाल और आसपास का हिमालयी क्षेत्र भारतीय टेक्टोनिक प्लेट और यूरेशियन प्लेट के मिलने वाले इलाके में आता है। भारतीय प्लेट लगातार उत्तर दिशा की ओर बढ़ रही है और यूरेशियन प्लेट से टकरा रही है। इसी टक्कर के कारण हिमालय पर्वत का निर्माण हुआ है। आज भी इन प्लेटों के बीच हलचल जारी है। यही वजह है कि नेपाल और आसपास के इलाकों में भूकंप आने का खतरा बना रहता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें