
₹7 Crore Extortion Threat to Kejriwal, Daughter : मोहाली। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी देकर सात करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। इस संबंध में मोहाली में मामला दर्ज हो गया है।
आरोपी ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए दिल्ली के तिलक नगर से विधायक जरनैल सिंह को फोन और व्हाट्सएप मैसेज भेजा। आरोपी ने धमकी दी कि अगर 7 करोड़ रुपये नहीं दिए तो अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल की हत्या कर दी जाएगी। शिकायत के आधार पर मोहाली के साइबर क्राइम थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
विधायक जरनैल सिंह ने 6 नवंबर को मोहाली के एसएसपी को दी शिकायत में बताया कि उनके मोबाइल पर कॉल आई और व्हाट्सएप पर भी धमकी भरा संदेश मिला। व्हाट्सएप पर आरोपी का प्रोफाइल नाम ‘एच’ दिखाई दे रहा था। कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल को सात करोड़ रुपये देने के लिए कह दो, नहीं तो उन्हें और उनकी बेटी को जान से मार देंगे। शिकायतकर्ता की बात करें तो उसने फोन पर धमकी देने के साथ उसी मोबाइल नंबर से लिखित संदेश भी भेजा। इसमें भी सात करोड़ रुपये की मांग करते हुए हत्या की धमकी दोहराई गई। विधायक ने शिकायत में कहा कि आरोपी ने उनकी जनप्रतिनिधि की हैसियत का इस्तेमाल करते हुए केजरीवाल तक फिरौती की मांग और धमकी पहुंचाने की कोशिश की है। उन्होंने इसे गंभीर आपराधिक मामला बताते हुए आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
विधायक ने पुलिस से आरोपी के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल रिकॉर्ड, आईपी लॉग और मोबाइल की लोकेशन ट्रेस करने की मांग की है। साथ ही आरोपी के साथ जुड़े अन्य लोगों का पता लगाकर गिरफ्तारी करने और धमकी के मद्देनजर संबंधित सुरक्षा एजेंसियों के साथ तालमेल कर केजरीवाल व उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। शिकायत के साथ व्हाट्सएप मैसेज का स्क्रीनशॉट भी पुलिस को सौंपा गया है।