Last Updated: November 12, 2026

Dainik Savera Times Logo

राहुल गांधी के अमेरिका दौरे पर भाजपा का तंज, कहा-विदेश जाकर भारत को करते हैं बदनाम

November 12, 2026

राहुल गांधी के अमेरिका दौरे पर भाजपा का तंज, कहा-विदेश जाकर भारत को करते हैं बदनाम

पटना: भाजपा नेताओं ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित अमेरिका दौरे को लेकर उन पर निशाना साधा है। पटना में मंत्री रामकृपाल यादव ने राहुल गांधी के विदेश दौरों पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनका विदेश जाना कोई नई बात नहीं है। वहीं, दिल्ली में भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने भी राहुल गांधी के अमेरिका दौरे पर टिप्पणी करते हुए कहा कि जब भी वह विदेश जाते हैं, तो भारत के खिलाफ बयानबाजी करते हैं।

बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने भाजपा की ओर से अखिलेश यादव को चुनावी हिंदू बताए जाने के सवाल पर कहा कि भाजपा सही कह रही है। उत्तर प्रदेश में भाजपा के पक्ष में चुनावी नतीजे आने वाले हैं। समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव को भी इस बात का अंदाजा है कि आने वाले समय में उनका राजनीतिक भविष्य कैसा रहने वाला है।

रामकृपाल यादव ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव एक सोची-समझी रणनीति और राजनीतिक मकसद के तहत राम मंदिर जा रहे हैं। उन्होंने अयोध्या में बाबरी मस्जिद विध्वंस के दौरान हुई गोलीबारी और रामभक्तों की मौत का जिक्र करते हुए कहा कि उस घटना में कई निर्दोष रामभक्तों की शहादत हुई थी। अखिलेश यादव अब उस पाप को धोने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे कभी धोया नहीं जा सकता। राहुल गांधी के प्रस्तावित अमेरिका दौरे को लेकर रामकृपाल यादव ने कहा कि राहुल गांधी लंबे समय से विदेश यात्राएं करते रहे हैं। जब से वह लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष बने हैं, तब से ही नहीं, बल्कि उससे पहले भी हर दो-चार या छह महीने में विदेश जाने की उनकी आदत रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कभी वियतनाम जाते हैं, तो कभी अमेरिका या किसी अन्य देश का दौरा करते हैं।

रामकृपाल यादव ने सवाल उठाया कि आखिर विदेश में ऐसी कौन-सी बात है, जिसके लिए राहुल गांधी बार-बार जाते हैं? क्या वह वहां अध्ययन करने जाते हैं? उन्होंने स्पष्ट किया कि ये सवाल केवल उनके नहीं हैं, बल्कि आम लोगों के बीच भी इस तरह की चर्चाएं हो रही हैं। राहुल गांधी के विदेश दौरों के पीछे क्या वजह है, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि इन यात्राओं को लेकर लोगों के मन में कई तरह के सवाल हैं और एक दिन इनका रहस्य सामने आ जाएगा। भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने भी राहुल गांधी के प्रस्तावित अमेरिका दौरे पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी विदेश जाकर कुछ नया नहीं करेंगे। इतिहास गवाह है कि जब-जब वह विदेश गए हैं, तब-तब उन्होंने भारत के खिलाफ बयानबाजी की है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें