Last Updated: November 13, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली में गहराया सांस का संकट! AQI 494 के पार, गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया प्रदूषण का स्तर

November 13, 2026

दिल्ली में गहराया सांस का संकट! AQI 494 के पार, गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया प्रदूषण का स्तर

Delhi air pollution: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार सुबह वायु गुणवत्ता बेहद खतरनाक स्तर पर पहुंच गई। सुबह 7:31 बजे दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 494 दर्ज किया गया। घने कोहरे और प्रदूषण की चादर ने पूरी राजधानी को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे कई इलाकों में दृश्यता भी कम हो गई। शहर के कई हिस्सों में प्रदूषण का स्तर गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में आईआईटी दिल्ली का AQI 488 दर्ज किया गया। इसके बाद आईटीओ में 455, आनंद विहार में 419, रोहिणी में 413 और राजोकरी बॉर्डर में 402 AQI रिकॉर्ड किया गया। ये सभी इलाके गंभीर श्रेणी में रहे।

वहीं, राजधानी के अन्य इलाकों में भी हवा की गुणवत्ता बेहद खराब रही। आरके पुरम में AQI 391, मंदिर मार्ग पर 378, द्वारका एक्सप्रेसवे पर 369, उत्तम नगर में 363 और लोधी रोड पर 341 दर्ज किया गया।

हालांकि, धौला कुआं के आसपास के इलाके में AQI 161 रिकॉर्ड किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है। ये आंकड़े केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के हैं।

ये भी पढ़ें- दिल्ली-UP से बिहार-राजस्थान तक बदलेगा मौसम, 17 राज्यों में बारिश का अलर्ट, पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानों में बढ़ेगी ठंड

प्रदूषण कम करने के लिए दिल्ली सरकार के प्रयास जारी
दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के प्रभाव को कम करने के लिए सरकार की ओर से कई कदम उठाए जा रहे हैं। इनमें हवा में मौजूद सूक्ष्म कणों (पार्टिकुलेट मैटर) के प्रभाव को कम करने के लिए पूरे राज्य में पानी के छिड़काव करने वाले स्प्रिंकलर तैनात करना भी शामिल है।

सौरभ भारद्वाज ने CPCB के आंकड़ों पर उठाए सवाल
इस बीच, गुरुवार को आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता सौरभ भारद्वाज ने दिवाली समारोह के बाद दिल्ली में प्रदूषण के गंभीर स्तर को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने शहर के AQI आंकड़ों को लेकर केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) की रीडिंग की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए और इसे दिल्ली के 2 करोड़ लोगों के साथ धोखा बताया।

सौरभ भारद्वाज ने सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर (CREA) की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए दिल्ली में प्रदूषण के आंकड़ों में हेरफेर का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि प्रदूषण के वास्तविक आंकड़े सरकारी वेबसाइट पर दिखाए गए आंकड़ों से 49 प्रतिशत अधिक थे।

भारद्वाज ने कहा, “आज कई अखबारों ने दिल्ली सरकार और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को पूरी तरह बेनकाब कर दिया है। CREA ने दिखाया कि दिल्ली में जितना प्रदूषण दिखाया गया, वह बताए गए आंकड़ों से 49% ज्यादा था। यानी यह लगभग डेढ़ गुना अधिक था। इसलिए अगर मैं इसे AQI के हिसाब से समझाऊं, तो जो AQI 370 दिखाया गया था, वह वास्तव में 560 या उससे भी ज्यादा था।

ये भी पढ़ें- छठ पूजा से पहले दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी, इन रास्तों को किया बंद, घरों से निकलने से पहले देखें रूट

 

ऐसा क्यों हुआ? क्योंकि कल जब हम CPCB से मिले थे, तब उन्होंने हमें जो आंकड़े दिए थे, वे हास्यास्पद थे। CPCB ने कहा कि जब हमारा प्रदूषण स्तर 999 तक पहुंच जाता है, तो हम उस स्तर पर भी विचार नहीं करते, क्योंकि हम 999 से ऊपर माप नहीं सकते और न ही 999 को प्रदर्शित करते हैं। इसलिए इसे सीधे शून्य दिखा दिया जाता है।

प्रदूषण के आंकड़ों के साथ यह धोखाधड़ी सिर्फ संख्याओं तक सीमित नहीं थी, बल्कि यह हमारे बच्चों, बुजुर्गों और दिल्ली के दो करोड़ लोगों के स्वास्थ्य के साथ भी धोखा था।”

CREA की रिपोर्ट में क्या सामने आया?
सौरभ भारद्वाज की यह टिप्पणी सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर (CREA) की एक रिपोर्ट के बाद आई है। इस रिपोर्ट में दिल्ली के 59 मॉनिटरिंग स्टेशनों से प्राप्त प्रति घंटे के PM2.5 आंकड़ों का अध्ययन किया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, 8 नवंबर को शाम 4 बजे से 9 नवंबर को शाम 4 बजे के बीच 255 प्रति घंटा स्टेशन रिकॉर्ड गायब पाए गए।

रिपोर्ट में 24 घंटे के औसत PM2.5 स्तर में भी बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई। यह स्तर 269 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से बढ़कर 400 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर हो गया। इस तरह इसमें करीब 49 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें