
Shimla Bulk Water Project Wins ICI–UltraTech Award 2026 : शिमला। शिमला बल्क वाटर सप्लाई योजना (42 एमएलडी) के उत्कृष्ट निर्माण और सफल क्रियान्वयन के लिए LCC–SAI–KSIPL संयुक्त उपक्रम को प्रतिष्ठित ICI–UltraTech स्ट्रक्चर अवॉर्ड्स-2026 से सम्मानित किया गया है।
भारतीय कंक्रीट संस्थान (ICI) के शिमला सेंटर की ओर से सर्वश्रेष्ठ अवसंरचना परियोजना श्रेणी में दिया गया यह पुरस्कार हिमाचल प्रदेश में पेयजल व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। विश्व बैंक के वित्तीय सहयोग से 371.56 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना के माध्यम से शिमला शहर को 24 घंटे पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
इस संयुक्त उपक्रम में मैसर्स LCC प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड, साई इटरनल फाउंडेशन तथा मैसर्स कुनाल स्ट्रक्चर्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं। यह पुरस्कार सर्वश्रेष्ठ अवसंरचना परियोजना (Best Infrastructure Project) श्रेणी में प्रदान किया गया। भारतीय कंक्रीट संस्थान (ICI), शिमला सेंटर द्वारा अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड के सहयोग से शिमला में आयोजित पुरस्कार समारोह में डॉ. प्रबोध सक्सेना (IAS), अध्यक्ष, हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड एवं पूर्व मुख्य सचिव, हिमाचल प्रदेश सरकार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर साई इटरनल फाउंडेशन के संस्थापक सदस्य राज कुमार वर्मा तथा संयुक्त उपक्रम की ओर से अजय ठाकुर और मुनीश शर्मा उपस्थित रहे। परियोजना का महत्व यह परियोजना शिमला जल प्रबंधन निगम लिमिटेड (SJPNL) के लिए विश्व बैंक के वित्तीय सहयोग से क्रियान्वित की गई है।
इसकी स्वीकृत अनुबंध राशि 371.56 करोड़ रुपये है। प्रारंभिक रूप से 42 एमएलडी क्षमता के साथ तैयार की गई इस योजना में भविष्य में क्षमता को बढ़ाकर 67.63 एमएलडी करने का प्रावधान भी रखा गया है। इसका उद्देश्य वर्ष 2035 और 2050 तक शिमला शहर की अनुमानित पेयजल मांग को पूरा करना तथा शहर में विश्वसनीय 24 घंटे पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने में सहायता करना है। परियोजना की इंजीनियरिंग जटिलताओं, गुणवत्ता और समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए विश्व बैंक की टीम तथा भ्रमण पर आए गणमान्य व्यक्तियों ने भी इसकी सराहना की है। कोविड महामारी के दौरान लॉकडाउन, कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और भूमि संबंधी बाधाओं के बावजूद परियोजना का सफल क्रियान्वयन एक उल्लेखनीय उपलब्धि है।
यह पुरस्कार संयुक्त उपक्रम की पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों, तकनीकी विशेषज्ञता और प्रतिबद्धता का सम्मान है। यह परियोजना हिमाचल प्रदेश में पेयजल अवसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है तथा साई इटरनल फाउंडेशन की तकनीकी और कार्यान्वयन क्षमता को भी प्रदर्शित करती है। अभियांत्रिकी का उत्कृष्ट उदाहरण इस योजना के अंतर्गत सतलुज नदी से इंटेक जैकवेल के माध्यम से कच्चे पानी को उठाकर शिकरोड़ी स्थित 42 एमएलडी क्षमता के जल शोधन संयंत्र तक पहुंचाया जाता है। इसके बाद बहु-स्तरीय पंपिंग प्रणाली के माध्यम से पानी शिमला तक पहुंचाया जाता है। इस पूरी प्रणाली में लगभग 1,717 मीटर की असाधारण ऊंचाई के अंतर को पार किया जाता है।
परियोजना के प्रमुख घटकों में शिकरोड़ी में इंटेक जैकवेल एवं 42 एमएलडी क्षमता का जल शोधन संयंत्र, तीन चरणों वाली उच्च क्षमता की पंपिंग प्रणाली, द्वाड़ा और डुम्मी में दो मध्यवर्ती पंपिंग स्टेशन तथा लगभग 24 किलोमीटर लंबी 750 मिमी आंतरिक व्यास की API 5L X65 उच्च दबाव वाली स्टील राइजिंग मेन पाइपलाइन शामिल हैं। तीन चरणों वाली पंपिंग प्रणाली में क्रमशः लगभग 1,450 किलोवाट, 1,130 किलोवाट और 1,050 किलोवाट क्षमता की पंप मोटरें स्थापित की गई हैं। हिमालयी क्षेत्र की खड़ी ढलानों, जटिल भूगर्भीय परिस्थितियों, वन क्षेत्रों और शिमला के घनी आबादी वाले शहरी इलाकों में निर्माण कार्य करना इस परियोजना की प्रमुख चुनौतियां थीं।