Last Updated: November 15, 2026

Dainik Savera Times Logo

IND VS NZ: भारतीय टीम पांचवें वनडे में 209 रन पर सिमटी, इस बल्लेबाज ने बनाया सबसे ज्यादा रन

November 15, 2026

IND VS NZ: भारतीय टीम पांचवें वनडे में 209 रन पर सिमटी, इस बल्लेबाज ने बनाया सबसे ज्यादा रन

माउंट माउंगानुई: न्यूजीलैंड के खिलाफ बे ओवल में खेले जा रहे वनडे सीरीज के पांचवें और निर्णायक मुकाबले में भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 209 रन पर सिमट गई है। न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत एक बार फिर खराब रही।

रोहित शर्मा और विराट कोहली एक बार फिर बड़ी पारी खेलने में असफल रहे। रोहित 7 रन और विराट 5 रन बनाकर आउट हुए। रोहित शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करने उतरे ऋतुराज गायकवाड़ सीरीज में लगातार दूसरी बार मिले मौके को भूना नहीं पाए और 18 रन बनाकर आउट हो गए। कप्तान श्रेयस अय्यर भी अच्छी शुरुआत मिलने के बावजूद बड़ी पारी खेलने में सफल नहीं रहे और महज 22 रन बनाकर आउट हो गए। बाएं हाथ के दो बल्लेबाजों अक्षर पटेल और ईशान किशन ने 46-46 रन की अहम पारियां खेलीं। इन्हीं पारियों की बदौलत टीम इंडिया एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच सकी।

अक्षर ने 55 गेंदों की पारी में 5 चौके और 1 छक्का लगाया, जबकि ईशान ने 58 गेंदों की पारी में 2 छक्के और 3 चौके लगाए। नमन धीर ने 22 रन बनाए। अपना डेब्यू कर रहे यश ठाकुर बिना खाता खोले आउट हो गए। आखिरी विकेट के लिए मोहम्मद सिराज और अर्शदीप सिंह ने 26 रन की साझेदारी कर टीम का स्कोर 209 तक पहुंचाया।

अर्शदीप 4 गेंदों पर 2 छक्कों की मदद से 14 रन बनाकर आउट हुए, जबकि सिराज 20 गेंदों पर 1 छक्का और 1 चौके की मदद से 14 रन बनाकर नाबाद रहे। भारतीय टीम 42.1 ओवर में 209 रन पर सिमट गई।

न्यूजीलैंड की तरफ से कप्तान मिशेल सेंटनर ने सबसे बेहतरीन स्पेल फेंका। सेंटनर ने 10 ओवर में 47 रन देकर 3 विकेट लिए। जैकब डफी ने 8.1 ओवर में 60 रन देकर 3 विकेट लिए। मैथ्यू फिशर ने 7 ओवर में 28 रन देकर 2 विकेट लिए। ब्लेयर टिकनर और माइकल ब्रेसवेल को 1-1 विकेट मिला। सीरीज में भारतीय टीम 2-1 से आगे है। अगर टीम इंडिया इस मैच को जीतने में सफल रहती है, तो टीम 3-1 से सीरीज अपने नाम करेगी। वहीं, न्यूजीलैंड की जीत की स्थिति में सीरीज 2-2 से बराबर रहेगी

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें