
Gulmarg, Pahalgam Record Season’s Lowest Temperature at -3.5°C : श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में सर्दी का असर तेज होने लगा है। गुलमर्ग और पहलगाम में न्यूनतम तापमान गिरकर -3.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान है। श्रीनगर में भी पारा 0.5 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 26 नवंबर तक प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का पूर्वानुमान जताया है।
कोकेरनाग में न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस रहा। भद्रवाह में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 1.8 डिग्री कम) दर्ज किया गया, जबकि जम्मू शहर में यह 11.6 डिग्री सेल्सियस (मौसमी औसत से 1.6 डिग्री कम) रहा। बनिहाल, बटोत और कटरा में न्यूनतम तापमान क्रमशः 8 डिग्री, 7 डिग्री और 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, गुलमर्ग में अधिकतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.7 डिग्री कम है।
मौसम विभाग ने 16 से 21 नवंबर तक पूरे जम्मू-कश्मीर में मौसम के मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान जताया है, हालांकि 20 और 21 नवंबर को आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। विभाग ने बताया कि 22 से 26 नवंबर तक भी मौसम के मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है।