
जम्मू : जम्मू पुलिस ने जम्मू कश्मीर सर्विस सिलेक्शन बोर्ड की फाइनेंस असिस्टेंट परीक्षा में अनुचित साधनों का इस्तेमाल कर कुछ उम्मीदवारों को अनुचित लाभ पहुंचाने की कथित साजिश का पर्दाफाश करते हुए 14 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से आठ वायरलेस सेट, लगभग 22 मोबाइल फोन और पांच चार पहिया वाहन जब्त किए गए हैं। सोमवार को जम्मू में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान एसएसपी जम्मू जोगिंदर सिंह ने इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि रविवार को परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई, लेकिन कुछ लोगों ने परीक्षा प्रक्रिया को प्रभावित करने और चुनिंदा उम्मीदवारों को अनुचित लाभ पहुंचाने की योजना बनाई थी।
एसएसपी ने बताया कि पुलिस को अपने खुफिया सूत्रों से इस गतिविधि की जानकारी मिली थी। इसके बाद विभिन्न पुलिस टीमों का गठन कर संदिग्धों की पहचान की गई और उनके काम करने के तरीके पर नजर रखी गई। परीक्षा केंद्रों के आसपास संदिग्धों की गतिविधियों पर निगरानी रखते हुए पुलिस ने समय रहते कार्रवाई की और परीक्षा प्रक्रिया को बाधित किए बिना आरोपियों को गिरफ्तार किया।
दो टीमों के जरिए नकल कराने की थी योजना
एसएसपी जोगिंदर सिंह के अनुसार, गिरोह कथित तौर पर दो टीमों में काम कर रहा था। एक टीम परीक्षा केंद्र के अंदर मौजूद उम्मीदवारों के माध्यम से प्रश्नपत्र या उसके कुछ सवाल बाहर पहुंचाने वाली थी, जबकि दूसरी टीम बाहर बैठकर उन सवालों के उत्तर तलाश कर वायरलेस उपकरणों के जरिए अंदर मौजूद उम्मीदवारों तक पहुंचाने की योजना बना रही थी। पुलिस ने पहले संदिग्ध मॉड्यूल से जुड़े लोगों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान कथित लाभार्थियों की पहचान की गई और परीक्षा समाप्त होने के बाद उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी बरामद किए गए।
14 आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस के अनुसार, अब तक 14 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। कार्रवाई के दौरान आठ वायरलेस सेट, करीब 22 मोबाइल फोन और पांच चार पहिया वाहन जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की आपराधिक पृष्ठभूमि के संबंध में एसएसपी ने कहा कि फिलहाल जांच में किसी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। उन्होंने कहा कि जांच आगे बढ़ने के साथ मामले से जुड़ी अन्य जानकारियां भी साझा की जाएंगी।