Last Updated: November 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

बाराबंकी में भीषण हादसा, कार बनी आग का गोला, मची चीख-पुकार

November 19, 2026

बाराबंकी में भीषण हादसा, कार बनी आग का गोला, मची चीख-पुकार

Barabanki accident: बाराबंकी जिले के सफदरगंज थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात करीब एक बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। अयोध्या से लखनऊ की ओर जा रही तेज रफ्तार कार फतेह राइस मिल के सामने आगे चल रही डीसीएम में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुछ ही देर में कार में आग लग गई।

जानकारी के अनुसार देखते ही देखते कार आग के गोले में तब्दील हो गई और सड़क पर धू-धूकर जलने लगी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि कार में सवार पांचों लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

टक्कर के बाद लगी आग
कार (यूपी 52 डीयू 2237) अयोध्या से लखनऊ की ओर जा रही थी। बुधवार देर रात करीब एक बजे जब कार सफदरगंज थाना क्षेत्र में फतेह राइस मिल के सामने पहुंची, तभी वह आगे चल रही डीसीएम (यूपी 45 सीपी 0598) से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इसी दौरान कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।

ये भी पढ़ें- कांग्रेस ने पंजाब में बिछाई चुनावी बिसात, परगट,बाजवा से चन्नी तक 42 नेताओं को मिली अहम जिम्मेदारी

 

आग लगने से मची चीख पुकार
कार में आग लगते ही उसमें सवार पांच लोगों में चीख-पुकार मच गई। आग तेजी से फैलती देख सभी ने किसी तरह कार के दरवाजे खोलकर बाहर निकलने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद पांचों लोग सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे। इसके बाद कार कुछ ही देर में आग की लपटों से घिर गई। सड़क पर जलती कार को देखकर आसपास मौजूद लोग भी सहम गए।

मौके पर पहुंचीं फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां
हादसे की सूचना मिलते ही सफदरगंज थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने तत्काल आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।

यातायात हुआ बाधित
वहीं, हादसे के कारण अयोध्या से लखनऊ जाने वाले मार्ग पर करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। सड़क पर जली हुई कार के खड़ी होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में पुलिस ने जली हुई कार को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें