Last Updated: November 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

शिमला: सुन्नी में 195 ग्राम अफीम और 68 हजार रुपये नकद बरामद, मंडी के 2 व्यक्ति गिरफ्तार

November 19, 2026

शिमला: सुन्नी में 195 ग्राम अफीम और 68 हजार रुपये नकद बरामद, मंडी के 2 व्यक्ति गिरफ्तार

शिमला। जिला शिमला में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुन्नी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों को करीब 195 ग्राम अफीम के साथ पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 68 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं। दोनों आरोपी जिला मंडी के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद अफीम कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था, पुलिस इसकी जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, 19 नवंबर को पुलिस थाना सुन्नी की टीम अपर भारगन स्थित जंगल मोड़ के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान माधोघाट की तरफ से आ रही एक गाड़ी को पुलिस ने संदेह के आधार पर जांच के लिए रोका। पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान गाड़ी की पिछली डिक्की में रखे एक कैरी बैग से करीब 195 ग्राम अफीम बरामद हुई। इसके साथ ही बैग से 68 हजार रुपये नकद भी मिले।

पुलिस ने गाड़ी में सवार दोनों व्यक्तियों की पहचान गुरजीत सिंह (36) पुत्र कुंदन लाल निवासी तहसील करसोग, जिला मंडी और करम दास (49) पुत्र जिउणू राम निवासी तहसील निहरी, जिला मंडी के रूप में की है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से अफीम और नकदी बरामद करने के बाद उन्हें मामले में आरोपी बनाया है। इस संबंध में पुलिस थाना सुन्नी में एफआईआर नंबर 59/2026 दिनांक 19 नवंबर 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 18 और 29 में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के साथ अफीम के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी नशे की इस खेप को कहां से लेकर आए थे और इसके पीछे कोई संगठित सप्लाई नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। पुलिस बरामद नकदी के संबंध में भी जांच कर रही है कि इसका नशे के कारोबार से क्या संबंध है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें