Punjab’s Pilgrimage Scheme Helps Elderly Fulfil Religious Wishes : मोगा। पंजाब सरकार की ओर से बुजुर्गों और अन्य नागरिकों को धार्मिक स्थलों के दर्शन करवाने के उद्देश्य से चलाई जा रही मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत गांव लंडेके में तीर्थ यात्रा सभा का आयोजन किया।
इस दौरान मोगा की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा विशेष रूप से पहुंचीं और तीर्थ यात्रा पर जाने वाले बुजुर्गों तथा अन्य यात्रियों के साथ मुलाकात की। उन्होंने यात्रियों से बातचीत कर यात्रा से जुड़ी तैयारियों, सुविधाओं और उनकी अपेक्षाओं के बारे में विस्तार से जानकारी हासिल की। इस अवसर पर विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार की ओर से शुरू की गई तीर्थ यात्रा योजना का मुख्य उद्देश्य बुजुर्गों की धार्मिक आस्था और भावनाओं का सम्मान करना है।
कई बुजुर्ग ऐसे होते हैं, जो आर्थिक या पारिवारिक परिस्थितियों के कारण अपनी इच्छा के बावजूद धार्मिक स्थलों के दर्शन नहीं कर पाते। सरकार की इस योजना के माध्यम से उन्हें अपनी धार्मिक इच्छाओं को पूरा करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव, स्नेह और आशीर्वाद से समाज को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। गांव लंडेके में बुजुर्गों ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को दिल से आशीर्वाद दिया है।
बुजुर्गों का यह प्यार और सम्मान सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों के प्रति उनके विश्वास और भावनात्मक जुड़ाव को दर्शाता है। विधायक ने कहा कि तीर्थ यात्रा केवल धार्मिक स्थलों के दर्शन करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह लोगों को अपनी संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और आस्था से जुड़ने का भी अवसर प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि यात्रा के दौरान बुजुर्गों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं। इस दौरान उन्होंने यात्रियों की बात ध्यानपूर्वक सुनी और सभी के सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय सफर की कामना की।