Moga MLA Honours Newly Appointed Student Leaders : मोगा। आम आदमी पार्टी के विद्यार्थी संगठन की ओर से सरकारी आईटीआई, मोगा में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान मोगा की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने छात्र संगठन के नवनियुक्त पदाधिकारियों को सम्मानित कर उन्हें नई जिम्मेदारियां मिलने पर बधाई दी।
इस अवसर पर उन्होंने अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालने वाले हिमांथन शर्मा और वरिष्ठ अध्यक्ष अरमान सिद्धू का मुंह मीठा करवाकर अपनी खुशी जाहिर की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने विद्यार्थियों और युवा साथियों के साथ मुलाकात की तथा उनसे बातचीत कर उनके विचारों और सुझावों को सुना। इस दौरान विद्यार्थियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों, उनकी समस्याओं और मांगों को लेकर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। विधायक ने कहा कि विद्यार्थी जीवन किसी भी युवा के भविष्य की नींव होता है।
इस दौरान युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक गतिविधियों और नेतृत्व की जिम्मेदारियों में भी आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्र संगठनों की भूमिका केवल विद्यार्थियों की आवाज उठाने तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आपसी सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी उनका महत्वपूर्ण उद्देश्य होना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि हिमांथन शर्मा और अरमान सिद्धू अपनी नई जिम्मेदारियों को पूरी लगन, मेहनत और ईमानदारी के साथ निभाएंगे। विधायक ने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं और उनकी जायज मांगों को उचित मंच तक पहुंचाने के लिए छात्र पदाधिकारियों को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
विद्यार्थियों और शिक्षा संस्थानों से जुड़े मुद्दों को प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाना भी उनकी जिम्मेदारी का अहम हिस्सा है। इस मौके पर विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवाओं को सकारात्मक सोच के साथ समाज और शिक्षा के क्षेत्र में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने सभी युवा साथियों के बेहतर भविष्य की कामना की।