पौडी गढ़वाल: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को अपनी मां सावित्री देवी को अंतिम विदाई देते समय भावुक हो गए। मां के निधन की खबर मिलने के बाद योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे। इस दौरान योगी आदित्यनाथ काफी भावुक नजर आए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां के पार्थिव शरीर को कंधा दिया और उनकी तस्वीर पर फूलों की माला चढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। मां को अंतिम विदाई देते समय उनकी आंखें नम हो गईं। मिली जानकारी के अनुसार हरिद्वार के चंडी घाट श्मशान पर अंतिम संस्कार होगा।
91 साल की उम्र में हुआ सावित्री देवी का निधन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार सुबह 91 साल की उम्र में निधन हो गया था। उनके निधन की खबर सामने आते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सावित्री देवी के निधन से पंचूर गांव और आसपास के इलाकों में भी दुख का माहौल है।
#WATCH | Panchur, Uttarakhand: Uttar Pradesh Chief Minister Yogi Adityanath gives a shoulder to the mortal remains of his mother, Savitri Devi, who passed away yesterday. https://t.co/QymHGsDmPt
— ANI (@ANI) November 21, 2026
मां के निधन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने एक छोटा सा संदेश लिखते हुए कहा, ‘मां… ॐ शांति।’ इस संदेश के जरिए उन्होंने अपनी मां को श्रद्धांजलि दी।
मां को याद कर भावुक हुए योगी आदित्यनाथ
शनिवार को अपने पैतृक गांव पहुंचने के बाद योगी आदित्यनाथ ने मां के अंतिम संस्कार की सभी रस्मों में हिस्सा लिया। उन्होंने मां के पार्थिव शरीर को कंधा दिया और उन्हें अंतिम विदाई दी। इस दौरान वहां मौजूद परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों की आंखें भी नम दिखाई दीं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन कर जताया दुख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को योगी आदित्यनाथ से फोन पर बातचीत की और उनकी मां के निधन पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
वहीं, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी सावित्री देवी के निधन पर शोक जताया। उन्होंने दुखी परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि मां का प्यार और उनका आशीर्वाद हमेशा बच्चों के साथ रहता है। मां द्वारा दिए गए संस्कार और सीख जीवनभर बच्चों का मार्गदर्शन करते रहते हैं।
बीजेपी की बैठक में रखा गया दो मिनट का मौन
योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी को श्रद्धांजलि देने के लिए बीजेपी की महिला मोर्चा की प्रदेश प्रवास बैठक में भी दो मिनट का मौन रखा गया। बैठक में उत्तर प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य मौजूद रहे।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत पार्टी के कई नेता भी बैठक में शामिल हुए। सभी नेताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर दुख जताया और शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।