Last Updated: November 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘प्यादे’ के टीज़र में दिखा सस्पेंस का खेल, जिमी शेरगिल और अध्ययन सुमन की दमदार झलक ने बढ़ाई उत्सुकता

November 22, 2026

‘प्यादे’ के टीज़र में दिखा सस्पेंस का खेल, जिमी शेरगिल और अध्ययन सुमन की दमदार झलक ने बढ़ाई उत्सुकता

एंटरटेनमेंट डेस्क : खेल अब और भी दिलचस्प हो गया है! शाइनिंग मून पिक्चर्स ने अपनी आगामी रहस्य और रोमांच से भरपूर फिल्म ‘प्यादे’ का पहला आधिकारिक टीज़र जारी कर दिया है। जिमी शेरगिल, अध्ययन सुमन और प्रणूतन बहल अभिनीत इस फिल्म में हर मोड़ पर एक नया ट्विस्ट और हर चेहरे के पीछे छिपा एक अलग राज़ देखने को मिलेगा। शेखर एस. झा के लेखन और निर्देशन में बनी यह फिल्म दर्शकों को एक ऐसे रोमांचक सफर पर ले जाने का वादा करती है, जहां हर किरदार का अपना मकसद है, हर चाल के अपने नतीजे हैं और जो दिखता है, ज़रूरी नहीं कि हकीकत भी वही हो!

टीज़र की शुरुआत होती है एक बेहद दिलचस्प पूछताछ के दृश्य से, जहां आमने-सामने हैं जिमी शेरगिल और अध्ययन सुमन। जिमी पूछताछ करने वाले अधिकारी के किरदार में हैं, तो वहीं अध्ययन सवालों के घेरे में एक संदिग्ध के रूप में नज़र आते हैं। लेकिन यह कोई आम सवाल-जवाब का सिलसिला नहीं है। यहां हर जवाब के साथ एक नया सवाल खड़ा होता है। माहौल में तनाव है, बातचीत में तल्खी है और सबसे बड़ा सवाल यही कि आखिर पर्दे के पीछे चल क्या रहा है? यानी कहानी की असली बाज़ी अभी खुलनी बाकी है!

फिल्म के बारे में बात करते हुए लेखक-निर्देशक शेखर एस. झा कहते हैं, “प्यादे के ज़रिए मैं इंसानी व्यवहार के उस अनिश्चित पहलू को सामने लाना चाहता था, जहां हर इंसान के पीछे कोई न कोई मकसद होता है और हर कदम का अपना अंजाम। पूछताछ का यह सिलसिला तो बस एक बड़े खेल की शुरुआत है। जो कहानी ऊपर से सीधी-सादी नज़र आती है, उसकी परतों में कई राज़ छिपे हैं। मैं दर्शकों को इस कहानी के हर पहलू से रूबरू कराने के लिए बेहद उत्साहित हूं।”

शाइनिंग मून पिक्चर्स के बैनर तले रिंकू सिंह द्वारा निर्मित ‘प्यादे’ उनके फिल्मी सफर की एक और अहम पेशकश है। इससे पहले वह नाना पाटेकर और माही गिल अभिनीत एक फिल्म में व्यवसाय प्रमुख की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं। इसके अलावा उन्होंने साल 2019 में रिलीज़ हुई प्रियंशु चटर्जी अभिनीत फिल्म ‘लिटिल बेबी’ का निर्माण भी किया था।

दिलचस्प कहानी, दमदार अदाकारी और रहस्यों व चालबाज़ियों के अप्रत्याशित खेल के साथ ‘प्यादे’ बड़े पर्दे पर रोमांच और रहस्य का एक अलग ही रंग जमाने के लिए तैयार है। फिल्म 11 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

शाइनिंग मून पिक्चर्स के बैनर तले रिंकू सिंह द्वारा निर्मित ‘प्यादे’ का लेखन और निर्देशन शेखर एस. झा ने किया है। फिल्म में जिमी शेरगिल, अध्ययन सुमन और प्रणूतन बहल अहम भूमिकाओं में नज़र आएंगे। यह रहस्य और रोमांच से भरपूर फिल्म 11 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें