Last Updated: November 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

गन्ने का भाव 600 रुपए करने की मांग पर शुगर मिल में हंगामा; किसानों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की

November 24, 2026

गन्ने का भाव 600 रुपए करने की मांग पर शुगर मिल में हंगामा; किसानों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की

कुरुक्षेत्र : शाहाबाद सहकारी चीनी मिल के 43वें पेराई सत्र के शुभारंभ के दौरान मंगलवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया। गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे किसानों ने काले झंडे लेकर मिल के मुख्य गेट पर पहुंच कर हरियाणा सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। किसानों ने साफ ऐलान किया कि जब तक गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल नहीं किया जाता, तब तक वे किसी भी मंत्री को मिल में प्रवेश नहीं करने देंगे।

विरोध के दौरान किसानों और पुलिस के बीच कई बार धक्का-मुक्की हुई। पुलिस ने भाकियू चढूनी के प्रदेश प्रवक्ता राकेश बैंस और जिला प्रधान जसबीर सिंह मामू माजरा सहित पांच किसानों को हिरासत में ले लिया। हालांकि, कुछ समय बाद सभी पांच किसानों को रिहा कर दिया गया। दरअसल, किसानों को सूचना मिली थी कि शाहाबाद शुगर मिल के पेराई सत्र का शुभारंभ करने के लिए हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा और कृष्ण बेदी मिल पहुंचेंगे।

इसके विरोध में किसान काले झंडे लेकर मुख्य गेट पर एकत्रित हो गए। भाकियू प्रवक्ता राकेश बैंस ने बताया कि सोमवार रात प्रशासन के साथ हुई बैठक में किसानों ने स्पष्ट कर दिया था कि उन्हें पेराई सत्र शुरू होने पर कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन गन्ने का भाव बढ़ाने की मांग पूरी नहीं होने तक वे सरकार और मंत्रियों का विरोध जारी रखेंगे। इसी बीच किसानों को जानकारी मिली कि दोनों मंत्रियों द्वारा ऑनलाइन माध्यम से पेराई सत्र का शुभारंभ किया जा रहा है। इस पर किसान भड़क गए।

राकेश बैंस और जसबीर मामू माजरा के नेतृत्व में पांच किसानों का प्रतिनिधिमंडल मिल परिसर में आयोजन स्थल पर पहुंच गया। किसानों ने मिल प्रशासन को कहा कि मिल का कोई अधिकारी पेराई सत्र शुरू करता है तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं, लेकिन सरकार के मंत्रियों द्वारा ऑनलाइन शुभारंभ भी उन्हें मंजूर नहीं है। इसके बाद किसान आयोजन स्थल पर ही बैठ गए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें