Last Updated: November 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

Punjab Weather Update: पंजाब के इन जिलों में 3 दिन घने कोहरे का अलर्ट, पढ़ें IMD की रिपोर्ट

November 25, 2026

Punjab Weather Update: पंजाब के इन जिलों में 3 दिन घने कोहरे का अलर्ट, पढ़ें IMD की रिपोर्ट

Punjab Weather Update: पंजाब में सर्दी का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। मौसम में बदलाव के बीच मौसम विभाग ने पंजाब के कई जिलों में अगले तीन दिनों तक घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 27 नवंबर तक पंजाब के कुछ इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

पंजाब के 7 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी

मौसम विभाग के मुताबिक, पंजाब के सात जिलों में आज कुछ स्थानों पर घना कोहरा पड़ सकता है। इनमें पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर और रूपनगर शामिल हैं। इसके अलावा सुबह और देर रात के समय राज्य के कई हिस्सों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा देखने को मिल सकता है। कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता कम होने की आशंका है, इसलिए वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।

चंडीगढ़ में साफ रहेगा मौसम, दो दिन कोहरे के आसार

चंडीगढ़ में फिलहाल मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि, 26 और 27 नवंबर को शहर के कुछ इलाकों में घना कोहरा छा सकता है। मौसम विभाग ने फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं जताई है।

उत्तरी हवाओं से बढ़ेगी ठंड

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, उत्तर दिशा से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है। अगले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक कम होने का अनुमान है। पंजाब में रात के तापमान में पहले ही 0.1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। पठानकोट 7.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा।

ये भी पढ़ें…

अभी कोल्ड डे जैसी स्थिति नहीं

पंजाब और चंडीगढ़ में ठंडी हवाओं के बावजूद फिलहाल कोल्ड डे जैसी स्थिति बनने के संकेत नहीं हैं। अल नीनो और पश्चिमी विक्षोभ की कम सक्रियता को भी मौसम में बदलाव की संभावित वजह माना जा रहा है। वहीं, राजस्थान के कई इलाकों में भी तापमान गिरने से ठंड बढ़ने लगी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें