Last Updated: November 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

हिमाचल: 27 नवंबर को स्थानीय निधि लेखा समिति की बैठक, विभागों के लेखा अभिलेखों की होगी समीक्षा

November 26, 2026

हिमाचल: 27 नवंबर को स्थानीय निधि लेखा समिति की बैठक, विभागों के लेखा अभिलेखों की होगी समीक्षा

शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा की स्थानीय निधि लेखा समिति की बैठक 27 नवंबर, 2026 को प्रातः 11 बजे उपायुक्त कार्यालय शिमला के बचत भवन में आयोजित की जाएगी। समिति की इस बैठक का मुख्य उद्देश्य जिला शिमला के विभिन्न विभागों एवं स्थानीय निधि से संबंधित संस्थानों के वित्तीय अभिलेखों की समीक्षा करना, लंबित लेखा ऑडिट आपत्तियों का निस्तारण सुनिश्चित करना तथा सार्वजनिक धन के उपयोग में पारदर्शिता, वित्तीय अनुशासन और जवाबदेही को सुदृढ़ बनाना है। यह जानकारी उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने दी।

उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान समिति जिला शिमला के अंतर्गत आने वाली उन सभी संस्थाओं के लेखा परीक्षण प्रतिवेदनों की विस्तृत समीक्षा करेगी, जिनका ऑडिट हिमाचल प्रदेश राज्य लेखा परीक्षा विभाग द्वारा किया जाता है। इसमें गत तीन वित्तीय वर्षों के कार्य-कलापों, आय-व्यय के विवरण तथा वित्तीय एवं भौतिक प्रगति से संबंधित अभिलेखों का परीक्षण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त लंबित ऑडिट पैरों, उन पर की गई कार्रवाई तथा संबंधित विभागों द्वारा प्रस्तुत अनुपालना रिपोर्ट की भी समीक्षा की जाएगी।

वित्तीय अनियमितताओं पर अंकुश और लंबित आपत्तियों का निस्तारण प्राथमिकता

समिति के समक्ष विभिन्न विभागों एवं संस्थानों की ऑडिट आपत्तियों की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत की जाएगी। इसके तहत लोक निर्माण, पंचायती राज विभाग तथा अन्य संबंधित संस्थाओं के आंतरिक लेखा परीक्षण प्रतिवेदनों में दर्ज आपत्तियों की भी समीक्षा की जाएगी। समिति का उद्देश्य केवल वित्तीय त्रुटियों को चिह्नित करना ही नहीं, बल्कि उनके समयबद्ध सुधार, उत्तरदायित्व निर्धारण तथा भविष्य में ऐसी कमियों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम सुनिश्चित करना भी है।

विभागों को अभिलेखों सहित उपस्थित रहने के निर्देश

बैठक की प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए जिला शिमला के सभी विभागों के अधिकारियों एवं खंड विकास अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने विभागों एवं खंडों से संबंधित ऑडिट पैरों और अनुपालना रिपोर्ट का अद्यतन विवरण समिति के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए तैयार रखें। इसके अतिरिक्त शिमला स्थित मेडिकल कॉलेज, डेंटल कॉलेज और नर्सिंग कॉलेज के गत तीन वर्षों के छात्र निधि (स्टूडेंट फंड) में कुल जमा राशि तथा उससे किए गए व्यय का पृथक-पृथक विवरण भी समिति की समीक्षा के लिए उपलब्ध करवाया जाएगा।

समिति के शिमला प्रवास के दौरान बैठक से संबंधित व्यवस्थाओं, आवश्यक अभिलेखों की उपलब्धता और विभागीय समन्वय को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। समिति के सदस्यों एवं विधानसभा सचिवालय के अधिकारियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

इस बैठक का उद्देश्य वित्तीय प्रबंधन की गुणवत्ता सुधारने, सार्वजनिक धन के विवेकपूर्ण उपयोग को सुनिश्चित करने तथा सरकारी संस्थानों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व बढ़ाना है। लेखा परीक्षण आपत्तियों का समयबद्ध निस्तारण न केवल प्रशासनिक दक्षता को बढ़ावा देता है, बल्कि विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में वित्तीय शुचिता बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

स्थानीय निधि लेखा समिति के सदस्य

हिमाचल प्रदेश विधानसभा की स्थानीय निधि लेखा समिति के माननीय सभापति संजय रत्न बैठक की अध्यक्षता करेंगे। समिति के अन्य सदस्यों में डॉ. हंस राज, सतपाल सिंह सत्ती, इन्द्र दत्त लखनपाल, राकेश जम्वाल, संजय अवस्थी, मलेंद्र राजन, कुलदीप सिंह राठौर तथा विवेक शर्मा (विक्कू) शामिल हैं।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें