करनाल : जिला पुलिस करनाल द्वारा पुलिस अधीक्षक करनाल करन गोयल, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में चोरी की वारदातों में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ और चोरीशुदा संपत्ति की बरामदगी के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना शहर के अंतर्गत आने वाली पुलिस चौकी सदर बाजार के चौकी इंचार्ज सहायक उप निरीक्षक सतीश कुमार के नेतृत्व में टीम ने लिफ्ट लेने के बहाने एक्टिवा चालक की जेब से नकदी व मोबाइल फोन चोरी करने के मामले में आरोपी जितेन्द्र खन्ना उर्फ जीतू पुत्र रोहित खन्ना निवासी जनकपुरी, गौशाला रोड, करनाल को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई नकदी में से 14,700 रुपये बरामद किए हैं। इस संबंध में चौकी इंचार्ज सहायक उप निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि शिकायतकर्ता खेल कुमार पुत्र कलश राम निवासी गली नंबर 6, हांसी रोड, करनाल ने दिनांक 24 नवंबर 2026 को पुलिस को शिकायत दी थी कि वह अपनी एक्टिवा पर डीसी कॉलोनी से हांसी रोड की तरफ जा रहा था। इसी दौरान अवंतिका बाई चौक के पास एक व्यक्ति ने उससे लिफ्ट मांगी।
शिकायतकर्ता ने उसे अपनी एक्टिवा पर बैठा लिया। रघुनाथ मंदिर के पास पहुंचने पर पीछे बैठे व्यक्ति ने शिकायतकर्ता की दोनों जेबों से 20,000 रुपये की नकदी और मोबाइल फोन चोरी कर लिया। इसके बाद आरोपी ने उसे रेलवे स्टेशन छोड़ने के लिए कहा। कुछ आगे जाकर शिकायतकर्ता ने शोर मचाया तो आरोपी एक्टिवा से उतरकर मौके से फरार हो गया। प्राप्त शिकायत के आधार पर थाना शहर करनाल में दिनांक 24 नवंबर 2026 को संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
इस संबंध में मामले की जांच के दौरान मुख्य सिपाही विकास कुमार ने वारदात स्थल एवं आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर पुलिस टीम ने उसे देर रात काबू कर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया तथा चोरी की गई नकदी में से 14,700 रुपये बरामद करवाए। प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी का एक मामला दर्ज है। टीम द्वारा आरोपी को नियमानुसार अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला जेल करनाल भेज दिया गया।