मुंबई : वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारत दुनिया के लिए भरोसेमंद साझेदार बनकर उभरा है और अगले दो-तीन दशकों तक पसंदीदा निवेश गंतव्य बना रहेगा। भारत ऋण पूंजी बाजार शिखर सम्मेलन 2026 में उन्होंने कहा कि देश की बढ़ती विनिर्माण एवं निर्यात क्षमता, मुक्त व्यापार समझौतों और तेजी से विकसित हो रहे बुनियादी ढांचे से वैश्विक अर्थव्यवस्था में भारत की भूमिका मजबूत हुई है।
उन्होंने बताया कि चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में आर्थिक वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत रही। सकल स्थिर पूंजी निर्माण में करीब 12 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और वित्त वर्ष के पहले सात महीनों में निर्यात 570 अरब डॉलर तक पहुंच गया है। भारत एक ट्रिलियन डॉलर के निर्यात लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
गोयल ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में किए गए सुधारों से देश की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है। सरकार विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के तहत भारत को 30 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में काम कर रही है।