Last Updated: November 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

सरवरी पुल के पास सब्जियां बेचने वाली ग्रामीण महिलाओं के रोजगार पर संकट

November 28, 2026

सरवरी पुल के पास सब्जियां बेचने वाली ग्रामीण महिलाओं के रोजगार पर संकट

कुल्लू: जिला की ग्राम पंचायत बस्तोरी की ग्रामीण महिलाओं के सामने अपने खेतों में उगाई ताजी सब्जियां बेचने का संकट खड़ा हो गया है। पिछले करीब 25 से 30 वर्षों से ये महिलाएं ढालपुर और सरवरी पुल के आसपास बैठकर अपनी सब्जियां बेचती आ रही हैं और इसी से अपने परिवार का पालन-पोषण कर रही हैं। लेकिन अब बाहरी व्यापारियों द्वारा सब्जी मंडियों से सब्जियां लाकर यहां बेचने और स्थानीय महिलाओं के बैठने की जगह पर कब्जा करने के आरोप लग रहे हैं।

इसी मुद्दे को लेकर ग्राम पंचायत बस्तोरी की प्रधान सुरेखा ठाकुर के नेतृत्व में पंचायत प्रतिनिधियों और प्रभावित महिलाओं ने शनिवार को उपायुक्त कुल्लू से मुलाकात कर इस समस्या के समाधान की मांग उठाई। इस संबंध में उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर सरवरी पुल और ढालपुर के आसपास ग्रामीण महिलाओं के लिए उचित एवं स्थायी स्थान चिन्हित करने की मांग की गई है।

पंचायत की प्रधान सुरेखा ठाकुर ने बताया कि पंचायत की अनेक महिलाएं सुबह-सुबह अपने खेतों से ताजी सब्जियां तोड़कर कुल्लू शहर पहुंचती हैं और दिनभर मेहनत करके इन्हें बेचती हैं। शाम को घर लौटने के बाद अगले दिन फिर इसी तरह सब्जियां लेकर आती हैं। लेकिन कुछ समय से बाहरी क्षेत्रों के व्यापारी सब्जी मंडियों से सब्जियां लाकर यहां बेच रहे हैं। आरोप है कि ये व्यापारी स्थानीय महिलाओं की बैठने वाली जगह पर कब्जा जमा लेते हैं, जब महिलाएं अपनी सब्जियां बेचने के लिए पहुंचती हैं तो उन्हें जगह नहीं मिलती। वहीं कुछ व्यापारियों द्वारा महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट किए जाने के आरोप भी लगाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि यह स्थिति उन महिलाओं के लिए बेहद चिंताजनक है, जो पिछले 25-30 वर्षों से अपनी मेहनत के दम पर परिवारों का भरण-पोषण कर रही हैं। एक तरफ सरकार ग्रामीण महिलाओं और किसानों की आय बढ़ाने तथा महिला सशक्तिकरण की बात करती है। वहीं दूसरी तरफ अपने खेतों में सब्जियां उगाकर बेचने वाली महिलाओं को बैठने तक के लिए उचित स्थान नहीं मिल पा रहा है, ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई है कि ढालपुर एवं सरवरी पुल के आसपास स्थानीय ग्रामीण महिलाओं के लिए उचित और स्थायी स्थान चिन्हित किया जाए। अपनी जमीन पर उगाई गई सब्जियां बेचने के लिए स्थानीय महिलाओं को प्राथमिकता दी जाए और उनके बैठने व सब्जियां बेचने की व्यवस्थित सुविधा उपलब्ध करवाई जाए। इसके अलावा महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करने और उन्हें परेशान करने वालों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए।

महिला सरला देवी ने कहा कि पंचायत की मांग किसी के रोजगार को प्रभावित करने की नहीं है, बल्कि उन ग्रामीण महिलाओं को उनका उचित हक और सम्मान दिलाने की है , जो वर्षों से अपनी मेहनत से आजीविका चला रही हैं। उन्होंने प्रशासन से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द उचित कार्रवाई करने की अपील की है। ताकि महिलाओं की वर्षों पुरानी आजीविका सुरक्षित रह सके।

महिला बिसरू देवी ने बताया कि वह 40 सालों से यहां पर सब्जी बेचने का काम कर रही है लेकिन अब कुछ लोगों के द्वारा उनके बैठने के स्थान पर भी कब्जा किया जा रहा है। ऐसे में प्रशासन जल से उन लोगों पर भी कार्रवाई करें।

📍 Location: Kullu (Kullu)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें