Moving Car Catches Fire on Phillaur-Atti Road : जालंधर। फिल्लौर-अट्टी रोड पर पंचायत सेक्रेटरी की चलती कार में शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। देखते ही देखते पूरी कार जलकर राख हो गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। कार चला रहे पंचायत मेंबर की तबीयत बिगड़ने पर उसे निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस संबंध में जानकारी देते हुए फिल्लौर थाने के ड्यूटी ऑफिसर एएसआई जसविंदर सिंह ने बताया कि आग लगने वाली कार पंचायत सेक्रेटरी सुरजीत सिंह की है, जो फिल्लौर में ड्यूटी पर तैनात हैं। घटना के समय कार गांव मथड्डा कलां में रहने वाला एक पंचायत मेंबर लेकर आ रहा था। उन्होंने बताया कि फिल्लौर-अट्टी रोड पर पहुंचने के दौरान अचानक कार में शॉर्ट सर्किट हो गया, जिसके चलते कार से धुआं निकलने लगा।
कार से धुआं निकलता देख पंचायत मेंबर घबरा गया। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे फिल्लौर के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। उधर, कार में आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को घटनास्थल पर बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया और आग पर काबू पा लिया। हालांकि, तब तक आग पूरी कार को अपनी चपेट में ले चुकी थी और कार पूरी तरह जलकर राख हो गई। एएसआई जसविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और इसके संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।