शिमला: हिमाचल प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए शिमला पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने PIT-NDPS Act के तहत एक और आरोपी को डिटेन कर मॉडल सेंट्रल जेल कंडा भेज दिया है। आरोपी की पहचान हितेश ठाकुर (31) पुत्र प्रताप ठाकुर, निवासी गांव एवं डाकघर धार गौरा, तहसील रामपुर, जिला शिमला के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, हितेश ठाकुर को 28 नवंबर 2026 को निरोधक प्राधिकारी अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADGP), CID, हिमाचल प्रदेश की ओर से जारी निरोधक आदेश के अनुपालन में डिटेन किया गया। पुलिस टीम ने यह कार्रवाई पुलिस थाना झाकड़ी क्षेत्र में अमल में लाई और आरोपी को हिरासत में लेने के बाद मॉडल सेंट्रल जेल कंडा भेज दिया। PIT-NDPS Act के तहत की जाने वाली इस तरह की कार्रवाई का उद्देश्य नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में बार-बार संलिप्त पाए जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर रोक लगाना है। सामान्य आपराधिक मामलों में गिरफ्तारी के साथ-साथ ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ निवारक निरोध की कार्रवाई की जाती है, ताकि वे दोबारा नशे के अवैध कारोबार में सक्रिय न हो सकें।
53 लोगों पर हो चुकी है कार्रवाई
हितेश ठाकुर के खिलाफ की गई कार्रवाई के बाद शिमला पुलिस की ओर से वर्ष 2026 में PIT-NDPS Act के तहत निरुद्ध किए गए व्यक्तियों की कुल संख्या बढ़कर 53 हो गई है। इससे पहले 27 नवंबर को ठियोग के रहीघाट निवासी सोहन लाल उर्फ हैप्पी को निरुद्ध करने के बाद यह संख्या 52 पहुंची थी।
शिमला पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त आदतन तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस की इस रणनीति में नशा तस्करों की गिरफ्तारी के साथ-साथ उनकी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए निवारक कानूनों का इस्तेमाल भी शामिल है। इसका उद्देश्य नशे की सप्लाई चेन को कमजोर करना और युवाओं को नशे की गिरफ्त में आने से बचाना है।
📍 Location: शिमला (शिमला)