Last Updated: November 29, 2026

Dainik Savera Times Logo

विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में दिखी भारतीय संस्कृति और प्रकृति संरक्षण की झलक

November 29, 2026

विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में दिखी भारतीय संस्कृति और प्रकृति संरक्षण की झलक
SD Model School Celebrates Annual Function ‘Aayam’ : करनाल। महापौर रेणु बाला गुप्ता ने एसडी मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के वार्षिक उत्सव ‘आयाम – जीवन के पाँच आयाम’ में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। समारोह के दौरान विद्यालय प्रबंधन की ओर से महापौर रेणु बाला गुप्ता एवं वरिष्ठ समाजसेवी बृजभूषण गुप्ता का विशेष अभिनंदन किया गया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, कला और रचनात्मकता के माध्यम से जीवन के पांच तत्वों अग्नि, वायु, जल, आकाश और पृथ्वी का महत्व प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। उनकी मनमोहक प्रस्तुतियों ने भारतीय संस्कृति, जीवन मूल्यों और प्रकृति के साथ सामंजस्य का सुंदर संदेश दिया। अपने संबोधन में महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों का चरित्र निर्माण करना, उनमें अच्छे संस्कार विकसित करना और उन्हें जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए तैयार करना है। शिक्षा के साथ कला, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों के व्यक्तित्व को नई दिशा देती हैं।

ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, सामूहिकता और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि ‘आयाम – जीवन के पाँच आयाम’ जैसी विषयवस्तु विद्यार्थियों को प्रकृति और जीवन के गहरे संबंध से जोड़ती है। अग्नि, वायु, जल, आकाश और पृथ्वी हमारे अस्तित्व के आधार हैं। इन पंचतत्वों का संतुलन बनाए रखना और प्रकृति के प्रति संवेदनशील रहना हम सभी की जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और प्रकृति संरक्षण का जो संदेश दिया है, वह सराहनीय है।

उन्होंने विद्यालय की गौरवशाली शैक्षणिक यात्रा और निरंतर उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान की वास्तविक पहचान उसके विद्यार्थियों के संस्कार, उपलब्धियों और समाज के प्रति जिम्मेदारी से बनती है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विद्यालय परिवार को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रेसिडेंट राहुल कत्याल एवं शिल्पा कत्याल की ओर से महापौर रेणु बाला गुप्ता और वरिष्ठ समाजसेवी बृजभूषण गुप्ता का सम्मान एवं अभिनंदन किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने दोनों अतिथियों के सामाजिक योगदान, गरिमामयी उपस्थिति और शिक्षा एवं समाज से जुड़े आयोजनों के प्रति सकारात्मक सहभागिता के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

सम्मान समारोह के दौरान विद्यालय परिवार ने अतिथियों के प्रति अपना आदर और आभार प्रकट किया। कार्यक्रम के समापन पर प्रेसिडेंट राहुल कत्याल एवं शिल्पा कत्याल ने महापौर रेणु बाला गुप्ता का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने अपने व्यस्त समय में से बहुमूल्य समय निकालकर समारोह में शिरकत की और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उनके प्रेरक विचारों और स्नेहपूर्ण मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली। उन्होंने वरिष्ठ समाजसेवी बृजभूषण गुप्ता सहित सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का भी आयोजन को सफल बनाने में सहयोग के लिए हार्दिक धन्यवाद किया।

ये भी रहे उपस्थित

इस अवसर पर डॉ. नागेश गुप्ता, एमएल अनेजा, डॉ. तरुण गोयल, हरबंस लाल खेत्रपाल, रविंदर सिंह, अमित सिंह, प्रतीक कटपालिया, उमेश गुप्ता, मनोज गुप्ता, आकाश वांगिया, अनिल चौधरी, मनोज खेत्रपाल, रजनी सोनी, ध्रुव गुप्ता और प्रिंसिपल अमिता सिंह सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें