Last Updated: November 29, 2026

Dainik Savera Times Logo

एक एकड़ जमीन के बदले दूसरी जगह एक एकड़ भी नहीं खरीद पा रहे किसान

November 29, 2026

एक एकड़ जमीन के बदले दूसरी जगह एक एकड़ भी नहीं खरीद पा रहे किसान

Ashok Arora Demands Market-Rate Compensation for Farmers : कुरुक्षेत्र। थानेसर के विधायक अशोक अरोड़ा ने कुरुक्षेत्र शहर में बढ़ती यातायात समस्या के समाधान के लिए बाईपास के निर्माण को आवश्यक बताते हुए बाईपास के लिए जमीन लेने से पहले किसानों को बाजार मूल्य के हिसाब से उचित मुआवजा सुनिश्चित करने की मांग की है।

अरोड़ा ने मुख्यमंत्री से इस मामले में स्वयं हस्तक्षेप कर भूमि अधिग्रहण नीति में बदलाव करने की मांग की है। उन्होने कहा कि अमीन गांव में इस मुद्दे को लेकर पंचायत हुई, किसान उपायुक्त को भी इस मामले में मिले थे। किसान मांग कर रहे हैं कि उनकी पुस्तैनी जमीन ही नही रही तो वे कहां जाएंगें। ऐसे में सरकार को किसानों से बात करनी चाहिए और किसानों को मार्किट रेट देना चाहिए। विधायक अशोक अरोड़ा ने कहा कि कुरुक्षेत्र एक ऐतिहासिक और धार्मिक नगरी है, जहां वर्ष भर बड़े स्तर के धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक आयोजन होते रहते हैं।

इन आयोजनों के दौरान देश-विदेश से श्रद्धालु और पर्यटक शहर में पहुंचते हैं, जिससे मुख्य मार्गों और अंदरूनी सड़कों पर वाहनों का भारी दबाव बन जाता है। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक जाम की स्थिति के कारण आम नागरिकों, विद्यार्थियों, मरीजों और रोजमर्रा के कामकाज के लिए निकलने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में शहर के बाहर से यातायात को सुगम बनाने के लिए एक सुव्यवस्थित बाईपास का निर्माण समय की बड़ी जरूरत है।

अरोड़ा ने किसानों के हितों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि विकास परियोजनाओं के लिए जमीन अधिग्रहण करते समय किसानों के साथ न्याय होना आवश्यक है। पूर्व की व्यवस्था का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पहले जब सरकार किसी परियोजना के लिए किसानों की जमीन अधिग्रहित करती थी, तब बाजार भाव कम होने के बावजूद सरकार की ओर से पर्याप्त मुआवजा राशि दी जाती थी। उस दौर में स्थिति यह थी कि किसान अपनी एक एकड़ जमीन के बदले मिलने वाले मुआवजे से दूसरी जगह लगभग तीन एकड़ तक जमीन खरीद सकते थे, जिससे उनकी आजीविका और आर्थिक स्थिति सुरक्षित रहती थी।

अशोक अरोड़ा ने वर्तमान नीति पर चिंता जताते हुए कहा कि आज परिस्थितियां पूरी तरह बदल चुकी हैं। वर्तमान में जमीनों के बाजार भाव काफी बढ़ चुके हैं, लेकिन सरकारी दरों और मुआवजा नीति के तहत किसानों को कम राशि मिल रही है। उन्होंने कहा कि आज हालात ऐसे हो गए हैं कि किसान अपनी एक एकड़ उपजाऊ जमीन देने के बाद मिलने वाले मुआवजे से दूसरी जगह एक एकड़ जमीन भी नहीं खरीद पा रहा है। इस वजह से किसान अपनी जमीन देने को लेकर असहज और चिंतित हैं। अशोक अरोड़ा ने कहा कि यदि सरकार वास्तव में कुरुक्षेत्र बाईपास सहित अन्य विकास कार्यों को गति देना चाहती है, तो उसे सबसे पहले किसानों का विश्वास जीतना होगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें