मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर थाना क्षेत्र में एक युवक के अपहरण और मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ बदमाशों ने बोलेरो वाहन से उसका पीछा किया, रास्ता रोककर उसे जबरन जंगल में ले गए और पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा। इतना ही नहीं, आरोपियों ने युवक को जान से मारने की धमकी भी दी। इस घटना का वीडियो सोमवार को सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।
पत्नी को लेने ससुराल गया था पीड़ित
पुलिस के अनुसार पीड़ित युवक रवि वर्मा (22) निवासी गुर्जरखेड़ी, थाना जीरापुर का रहने वाला है। रवि ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी पिछले कुछ दिनों से अपने मायके में रह रही थी। शनिवार को वह बाइक से अपनी पत्नी को लेने ससुराल गया था। हालांकि, उसके ससुर ने पत्नी को उसके साथ भेजने से मना कर दिया। इसके बाद रवि अकेले ही वापस अपने घर लौटने लगा।
बोलेरो से पीछा कर रास्ता रोका
रवि के मुताबिक, जब वह वापस लौट रहा था तभी शेरपुरा और हिनोतिया गांव के बीच एक सफेद बोलेरो उसका पीछा करने लगी। दोपहर करीब 12:30 बजे बोलेरो को सड़क के बीच खड़ा कर उसका रास्ता रोक लिया गया।
बोलेरो में सवार चार नकाबपोश बदमाश बाहर निकले और उन्होंने रवि के सिर और चेहरे पर काला कपड़ा डाल दिया। इसके बाद उसे जबरन पकड़कर सड़क से करीब 300 मीटर दूर जंगल की ओर ले गए।
पेड़ से बांधकर बेरहमी से की मारपीट
जंगल में ले जाकर आरोपियों ने रवि को एक पेड़ से बांध दिया और लात-घूंसों से उसकी जमकर पिटाई की। रवि का आरोप है कि मारपीट के दौरान उसे लगातार धमकियां दी गईं। पीड़ित ने बताया कि चार आरोपियों में से एक की पहचान उसने रवि भिलाला के रूप में की है, जबकि बाकी तीन लोगों को वह नहीं जानता। मारपीट के दौरान आरोपी ने उसकी पत्नी को लेकर भी आपत्तिजनक बातें कहीं और जान से मारने की धमकी दी।
रिश्तेदार को फोन करवाकर भागे आरोपी
रवि के अनुसार, मारपीट करने के बाद आरोपियों ने उसके मोबाइल फोन से उसकी बुआ के बेटे राजेश को कॉल करवाया। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। कुछ समय बाद राजेश और गिरिराज घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने रवि को पेड़ से बंधी हालत से मुक्त कराया और उसे घर लेकर गए।
पहले पुलिस को लगा संदिग्ध मामला
घटना के बाद रवि उसी रात अपने परिजनों के साथ खिलचीपुर थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। शुरुआत में पुलिस को मामला संदिग्ध लगा, इसलिए तुरंत केस दर्ज नहीं किया गया।थाना प्रभारी कमल सिंह गहलोत ने बताया कि पुलिस ने दो दिनों तक पूरे मामले की जांच की। जांच में घटना की पुष्टि होने के बाद रविवार रात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया।
मारपीट के पीछे की वजह तलाश रही पुलिस
पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने रवि का मोबाइल फोन, बाइक या नकदी नहीं छीनी। ऐसे में यह साफ नहीं है कि युवक के साथ मारपीट और अपहरण जैसी वारदात क्यों की गई।फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
मेष: दिन शुभ रहेगा...