Site icon Dainik Savera Times

दहेज के खिलाफ दूल्हे की अनोखी मिसाल: एक रुपये में की शादी, 51 लाख का दहेज लौटाया

one rupees mairrige

one rupees mairrige

नेशनल डेस्क। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में एक शादी के दौरान दूल्हे ने ऐसा काम किया, जिसकी पूरे इलाके में चर्चा हो रही है। दूल्हे ने दहेज की प्रथा के खिलाफ खड़े होकर 51 लाख रुपये का दहेज लेने से मना कर दिया और केवल एक रुपये में शादी की। शादी बुलंदशहर के मेरठ रोड स्थित एक मैरिज होम में हुई। दूल्हा विवेक और दुल्हन कृष्ण की शादी तय थी। टीके की रस्म के दौरान लड़की के पिता और भाई दूल्हे को 51 लाख रुपये नकद और अन्य सामान देने आए थे। लेकिन विवेक ने ये देखकर तुरंत कह दिया कि वह दहेज नहीं लेगा। विवेक के इस फैसले से लड़की के परिवार वाले पहले हैरान रह गए, लेकिन बाद में उन्होंने भी इस निर्णय का स्वागत किया।

दूल्हे ने दहेज क्यों नहीं लिया
दूल्हे के भाई पिंटू चौधरी ने बताया कि कुछ दिन पहले मुजफ्फरनगर में एक पंचायत हुई थी। इस पंचायत में ये तय किया गया था कि कोई भी परिवार शादी में दहेज नहीं लेगा। बिना दहेज के ही शादी करने को बढ़ावा दिया जाएगा। मृत्यु भोज जैसे खर्चीले आयोजनों से भी बचा जाएगा। उसी निर्णय को मानते हुए विवेक और उसके परिवार ने दहेज लेने से साफ इनकार कर दिया।

एक रुपये में की शादी
पिंटू चौधरी ने बताया कि सगाई के समय लड़की वालों द्वारा दिए गए 51 लाख रुपये उन्होंने माथे लगाकर सम्मानपूर्वक वापस कर दिए। इसके बाद सिर्फ एक रुपये में शादी की रस्म पूरी की गई। उन्होंने समाज के सभी लोगों से अपील की कि दहेज लेना बंद करें, बिना दहेज के शादी करके समाज में अच्छी मिसाल पेश करें। दहेज की वजह से बेटियों पर बढ़ने वाला बोझ खत्म करने में मदद करें।

मामला समाज में बना चर्चा का विषय
विवेक के इस कदम की हर तरफ तारीफ की जा रही है। लोग इसे दहेज जैसी बुरी प्रथा के खिलाफ एक साहसिक और प्रेरणादायक कदम बता रहे हैं।

Exit mobile version