Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

Bhubaneswar Fire : गोवा अग्निकांड के बाद भुवनेश्वर के Night Club में लगी आग, दूर तक दिखा धुएं का गुबार

December 12, 2025

Bhubaneswar Fire : गोवा अग्निकांड के बाद भुवनेश्वर के Night Club में लगी आग, दूर तक दिखा धुएं का गुबार

नेशनल डेस्क। गोवा अग्निकांड के बाद भुवनेश्वर के नाइट क्लब में आग लगने की खबर सामने आई है। जहां, भुवनेश्वर के सत्य विहार इलाके में शुक्रवार देर रात एक Night Club में अचानक तेज आग भड़क गई। आग लगने के कुछ ही मिनटों में पूरी इमारत से काला धुआं निकलने लगा। अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि आग किस वजह से लगी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि बगल में मौजूद फर्नीचर की दुकान भी इसकी चपेट में आ गई। दुकान में लकड़ी, गद्दे और स्पॉन्ज जैसे सामान होने की वजह से आग बहुत तेजी से फैल गई। इससे नुकसान काफी बड़ा हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगने के तुरंत बाद हवा की दिशा बदल गई और धुआं पूरे बाजार में फैल गया, जिससे दृश्यता कई मिनटों तक बहुत कम रही।

 

दमकल की गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। फायर ब्रिगेड की टीम ने तेजी से काम शुरू किया और आग को पास की अन्य दुकानों और घरों तक फैलने से रोकने की कोशिश की। अच्छी बात यह है कि अभी तक किसी व्यक्ति के घायल या हताहत होने की खबर नहीं मिली है। अधिकारियों का मानना है कि आग इलेक्ट्रिक शॉर्ट सर्किट या संचालन में लापरवाही के कारण लग सकती है। हालांकि, पूरी जगह ठंडी होने के बाद ही विस्तृत जांच की जाएगी। बार के अंदर रखा ज्यादातर सामान आग में पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया है।

स्थानीय लोगों का आरोप – बिना लाइसेंस चल रहा था बार
इलाके के निवासियों ने आरोप लगाया है कि यह नाइट क्लब बिना सही लाइसेंस के चल रहा था। इससे नियमों और सुरक्षा मानकों को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सील कर दिया है और आग के कारणों के साथ-साथ बार के लाइसेंस की जांच भी शुरू कर दी है।

गोवा हादसे के बाद दूसरी बड़ी घटना
यह आग उसी समय हुई है जब कुछ दिन पहले गोवा के एक बड़े नाइट क्लब में भयानक आग लगी थी, जिसमें 25 लोगों की मौत हो गई थी। उस हादसे के बाद ओडिशा अग्निशमन और आपातकालीन सेवा (OFES) ने राज्यभर में 100 से अधिक सीटों वाले सभी रेस्तरां और क्लबों का सुरक्षा ऑडिट कराने का आदेश दिया था। गोवा हादसे में क्लब मालिक लूथरा ब्रदर्स को थाईलैंड से गिरफ्तार किया गया है और उन्हें भारत लाने की प्रक्रिया चल रही है। दोनों भाइयों – सौरभ और गौरव – के पासपोर्ट भी रद्द कर दिए गए हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें