Last Updated: November 17, 2026

Dainik Savera Times Logo

गांव में घुसा बाघः दीवार पर अलग-अलग अंदाज में पोज देता रहा, लोग बनाते रहे वीडियो

December 26, 2023

गांव में घुसा बाघः दीवार पर अलग-अलग अंदाज में पोज देता रहा, लोग बनाते रहे वीडियो

पीलीभीत। उत्तरप्रदेश के पीलीभीत में अक्सर बाघ बस्ती में घुस जाते हैं जिससे आतंक का पर्याय बना रहता है। बाघ आए दिन आबादी तक पहुंच रहे हैं, जिससे इलाके में दहशत व्याप्त है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक ताजा वीडियो में जो कुछ दिख रहा है उससे तो यही लग रहा है कि लोगों के दिलों से बाघ का डर निकल गया है और भीड़ को लेकर बाघ भी सहज नज़र आने लगे हैं। इस वीडियो में एक बाघ छत और दीवार पर घूमकर देर तक पोज देते नज़र आ रहा है। चारों तरफ मौजूद भीड़ लगातार अपने मोबाइल कैमरों के जरिए उसे वीडियो की शक्ल में कैद करने में लगे रहे। लोगों का कहना है कि बाघ करीब छह-सात घंटे तक रिहायशी इलाके में यूं ही घूमता रहा और लोग अलग-अलग एंगिल से उसका वीडियो बनाने में लगे रहे।

यह बाघ देर रात पीलीभीत के कलीनगर तहसील क्षेत्र के अटकोना में घुस आया था। लोगों की उस पर नज़र पड़ी तो होश उड़ गए। रात के करीब डेढ़-दो बज रहे थे। बाघ की सूचना जंगल में आग की तरह पूरे क्षेत्र में फैल गई। लोग सतर्क हो गए। इसी बीच किसी ने वन विभाग को भी सूचना दे दी। इसके साथ ही रस्सी, तार और एक तरह के जाल से बाघ जिस एरिया में था उसे सील कर दिया गया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में बाघ दीवार पर आराम फरमाता नज़र आ रहा है। उसके चारों ओर गांववाले इक्ट्ठा हैं। हालांकि दीवार के चारों ओर बाड़ेबंदी भी की गई है। फिर भी बाघ का क्या है। यह साफ दिख रहा है कि वो हमला करना चाहे तो ये बाड़ेबंदी उसकी राह में बहुत बाधक नहीं बनेगी।

अटकोना गांव में बाघ को देखने के लिए आसपास क्षेत्र से सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंचे थे। वन विभाग के कर्मचारी और माधोटांडा पुलिस भी मुस्तैद दिखी। रिहायशी इलाकों में बढ़ती बाघ की चहलकदमी से लोग दहशत में नजर आए। गनीमत रही कि बिना किसी अनहोनी के बाघ को वन विभाग की टीम ने दीवार से उतार लिया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें