Site icon Dainik Savera Times

इस पार्टी का नेता बताने वाले की होटल में डांसरों संग रंगरलिया मनाते हुए VIDEO वायरल

Mahipal Chaudhary Video viral

यूपी डेस्कः आगरा में महीपाल चौधरी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। इस वीडियो में वह एक होटल के कमरे में दिखाई देता है। कमरे में दो महिलाएं डांस कर रही हैं और वहां शराब की बोतल और गिलास भी नजर आ रहे हैं। हालांकि यह वीडियो कब का है, इसकी अभी तक कोई पक्की जानकारी नहीं मिल पाई है। मिली जानकारी के अनुसार 6 अप्रैल को महीपाल चौधरी एक काली स्कॉर्पियो गाड़ी से आगरा के जगदीशपुरा इलाके के एक होटल में पहुंचा था। उसके साथ दो महिलाएं और कुछ अन्य लोग भी थे। होटल के मालिक अनिल कुमार का कहना है कि आते ही इन लोगों ने खुद को सरकारी अधिकारी बताया और होटल के कर्मचारियों को डराना-धमकाना शुरू कर दिया।

2 लाख रुपये मांगने का आरोप
होटल संचालक ने बताया कि आरोपियों ने होटल के रजिस्टर और आईडी चेक करने के बहाने कमरों की तलाशी ली। जब होटल मालिक ने उनसे पूछा कि वे ऐसा क्यों कर रहे हैं, तो उन्होंने धमकी दी। उन्होंने कहा कि अगर 2 लाख रुपये नहीं दिए गए, तो वे होटल के खिलाफ कार्रवाई करवा देंगे और उसे मीडिया में बदनाम कर देंगे। इस दौरान होटल मालिक ने पुलिस को सूचना दे दी। लेकिन पुलिस के आने से पहले ही सभी आरोपी वहां से भाग गए। बाद में 10 अप्रैल को इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई।

आरोपी खुद को भाजपा से जुड़ा बताता था
महीपाल चौधरी खुद को भाजपा का मीडिया प्रभारी बताता था। उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर कई भाजपा नेताओं के साथ तस्वीरें भी मिली हैं। बताया जा रहा है कि वह हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की एक जनसभा में भी मीडिया कर्मी बनकर पहुंचा था।

पहले से भी लगे हैं कई आरोप
पुलिस जांच में सामने आया है कि महीपाल अवैध निर्माण और नई इमारतों पर नजर रखता था। इसके बाद वह वहां जाकर लोगों को डराता और उनसे पैसे वसूलता था। उस पर पहले से ही वसूली, ब्लैकमेलिंग और जमीन कब्जाने जैसे कई गंभीर आरोप लगे हुए हैं।

भाजपा ने किया साफ इनकार
भाजपा के आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कहा कि महीपाल चौधरी का पार्टी से कोई संबंध नहीं है। वह न तो कोई पदाधिकारी है और न ही कार्यकर्ता। उन्होंने यह भी कहा कि अगर उसने खुद को भाजपा का सदस्य बताया है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

पहले ही हो चुकी है गिरफ्तारी
जिस दिन आगरा में उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई, उसी दिन हाथरस पुलिस ने उसे एक अन्य वसूली के मामले में गिरफ्तार कर लिया। अब आगरा पुलिस उसे अपने मामले में पूछताछ के लिए बी वारंट पर लाने की तैयारी कर रही है।

कहां का रहने वाला है आरोपी
महीपाल चौधरी मूल रूप से हाथरस का रहने वाला है। वह फिलहाल आगरा के सिकंदरा इलाके में रह रहा था और वहां एक होटल किराए पर लेकर चला रहा था। उसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं और पुलिस उनकी जांच कर रही है।

 

Exit mobile version