Site icon Dainik Savera Times

‘प्रेमिका से शादी की जिद’ को लेकर युवक मोबाइल टावर पर चढ़ा, 2 घंटे की मशक्कत के बाद…

हाथरस: जिले के सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में एक युवक कथित तौर पर ”प्रेमिका से शादी की मांग” को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। पुलिस के अनुसार, करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस और परिजनों के समझाने पर वह नीचे उतर आया। अधिकारियों ने बताया कि जिले में एक माह में इस तरह की यह दूसरी घटना है। पुलिस के मुताबिक, थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी सौरभ (23) गांव की ही एक युवती से प्रेम करता है और उससे शादी करना चाहता है, लेकिन युवती के परिजन इसके लिए तैयार नहीं थे।

उसने बताया कि इसी बात से नाराज होकर सौरभ शुक्रवार शाम करीब पांच बजे गांव में मोबाइल टावर पर चढ़ गया और युवती से शादी कराने की मांग करने लगा। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जिला पंचायत सदस्य महेंद्र सिंह, पुलिस अधिकारियों और परिजनों ने करीब दो घंटे तक युवक को समझाने का प्रयास किया। बाद में भाई और अन्य परिजनों के समझाने के बाद वह नीचे उतर आया।

थाना प्रभारी शिवकुमार शर्मा ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा था। युवक को सुरक्षित नीचे उतारकर कोतवाली लाया गया और समझाने के बाद उसे घर भेज दिया गया। इससे पहले, 28 अप्रैल को भी हाथरस जंक्शन क्षेत्र की एक विवाहिता महिला अपने प्रेमी के साथ रहने की मांग को लेकर सासनी कोतवाली क्षेत्र के लुटसान स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई थी। बाद में उसे भी समझाकर नीचे उतारा गया था।

Exit mobile version