Site icon Dainik Savera Times

ओवैसी ने IS से की पाकिस्तान की तुलना, मुख्तार अब्बास नकवी बोले- आज एक है पूरा मुल्क

नेशनल डेस्क: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले पर एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि आज पूरा मुल्क एक हो गया है। भारत सरकार की ओर से सिंधु जल संधि निलंबित होने के बाद से पाकिस्तान लगातार गीदड़ भभकी दे रहा है। इस पर असदुद्दीन ओवैसी ने पाकिस्तान को करारा जवाब देते हुए उनकी तुलना आतंकी संगठन आईएस से कर दी।

एक हैं तो सेफ हैं: अब्बास नकवी
ओवैसी के इस बयान पर सोमवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस ने भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी से बात की। नकवी ने कहा, ‘‘आज पूरा देश एक सुर में बोल रहा है कि आतंकवादियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। देश में रहने वाला नागरिक, चाहे वह किसी भी धर्म, समुदाय, क्षेत्र या राजनीतिक दल से हो, हर कोई एकजुट है। इसीलिए, आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वह नारा याद आता है कि एक हैं तो सेफ हैं।‘’

आज राजद्रोहियों से लड़ने का वक्त
खुफिया विभाग की विफलता के कारण पहलगाम में आतंकवादी घटना होने के कांग्रेस के आरोप पर मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि मुल्क की हिफाजत से बड़ी कोई इबादत नहीं, मुल्क से बड़ा कोई मजहब नहीं और देश से बड़ा कोई देवता नहीं है। आज पूरा देश एक सुर में इस आतंकी अखाड़े को तबाह करने के पक्ष में खड़ा हुआ है और देश चाहता है कि जुल्म के जल्लादों की जमीन ध्वस्त की जाए। आज देश का बच्चा-बच्चा इस आतंकवाद के खिलाफ है। आज राजद्रोहियों से लड़ने का वक्त है।

प्रोपगेंडा चलाने वालों पर प्रतिबंध लगाना सही
पहलगाम घटना पर संसद का विशेष सत्र बुलाने की विपक्ष की मांग पर भाजपा नेता ने कहा कि विपक्ष को इस तरह के नाजुक मामलों की नजाकत को समझना चाहिए। सरकार ने अपनी तैयारियों के बारे में बताया था, लेकिन अब भी कुछ लोग इस तरह के संवेदनशील मुद्दों पर सियासत करने में लगे हुए हैं। दूसरी चीज समझनी चाहिए कि इस आतंकवाद और उनके आकाओं के खात्मे के लिए सरकार सही दिशा में आगे बढ़ रही है। भारत में पाकिस्तानी यूटय़ूब चैनल बंद होने पर भाजपा नेता ने कहा कि प्रोपगेंडा चलाने वालों पर प्रतिबंध लगाना सही है और यह देश हित में है।

ये भी पढ़ें- क्रिकेट फैंस के लिए खुशखबरी: इन सस्ते रिचार्ज प्लान्स में फ्री मिलेगा JioHotstar एक्सेस; कम खर्च में देखें लाइव IPL 2026 मैच

Exit mobile version