नेशनल डेस्क : दिल्ली एयरपोर्ट पर उस समय अफरातफरी मच गई जब एयर इंडिया की एक फ्लाइट (AI-2948) में तैनात क्रू मेंबर को एक धमकी भरा पत्र मिला। इस पत्र में लिखा था कि फ्लाइट में बम है। जैसे ही इस बारे में जानकारी मिली, एयरपोर्ट के अधिकारियों ने तुरंत सुरक्षा अलर्ट जारी कर दिया और विमान की पूरी जांच शुरू कर दी। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…
फ्लाइट की गहन तलाशी
आपको बता दें कि धमकी की सूचना मिलते ही सुरक्षाबलों और बम निरोधक दस्ते ने विमान के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली। सीटों से लेकर लगेज तक, हर कोने की जांच की गई। कई घंटे की जांच के बाद भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, जिससे अधिकारियों ने राहत की सांस ली। इसके बाद इस धमकी को ‘हॉक्स कॉल’ (फर्जी अलर्ट) घोषित कर दिया गया।
AI की सुरक्षा को लेकर फिर खड़े हुए सवाल
हाल के हफ्तों में एयर इंडिया की उड़ानों में कई तरह की तकनीकी और परिचालन से जुड़ी समस्याएं सामने आ चुकी हैं। इन घटनाओं ने एयर इंडिया की सुरक्षा व्यवस्था और विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कई फ्लाइटें तकनीकी कारणों से रद्द की जा चुकी हैं, जिससे यात्रियों में भी चिंता का माहौल है।
अहमदाबाद में हुआ था बड़ा विमान हादसा
सुरक्षा को लेकर चिंता सिर्फ हालिया धमकी तक सीमित नहीं है। कुछ समय पहले अहमदाबाद से लंदन जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171, जो कि एक बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान थी, टेकऑफ के कुछ सेकंड बाद ही एक मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। यह हादसा इतना भयानक था कि विमान में सवार 242 में से 241 लोगों की मौत हो गई थी। इसमें सिर्फ एक यात्री ही बच पाया, जबकि जमीन पर मौजूद मेडिकल कॉलेज के कई लोग भी इस हादसे की चपेट में आ गए थे।
खतरे के साये में उड़ान
दिल्ली एयरपोर्ट पर धमकी भरा पत्र और हालिया हादसे ये दोनों घटनाएं एयर इंडिया की उड़ानों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा करती हैं। जहां एक ओर यात्रियों की जान जोखिम में पड़ रही है, वहीं दूसरी ओर एयरलाइन की साख पर भी गहरा असर पड़ रहा है। अब यह देखना जरूरी होगा कि एयर इंडिया और विमानन मंत्रालय इन घटनाओं से सबक लेकर यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बनाते हैं या नहीं।

