Last Updated: October 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘मारे जाने पर कोई खुश नहीं होता, मुख्यधारा में शामिल हो जाइए’, अमित शाह की नक्सलियों से अपील

April 5, 2025

‘मारे जाने पर कोई खुश नहीं होता, मुख्यधारा में शामिल हो जाइए’, अमित शाह की नक्सलियों से अपील

नेशनल डेस्क: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह इस वक्त छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय दौरे पर हैं। दौरे के दौरान उन्होंने दंतेवाड़ा जिले में आयोजित बस्तर पंडुम कार्यक्रम में हिस्सा लिया, जहां उन्होंने एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने नक्सलियों से एक खास अपील की, जिसमें उन्होंने उन्हें मुख्यधारा में वापस लौटने का आग्रह किया।

कोई नक्सली मारा जाता है तो कोई खुश नहीं होता
अमित शाह ने कहा, “अब वो समय पीछे चला गया जब यहां गोलियां चलती थीं और बम फटते थे। मैं उन सभी नक्सलियों से, जिनके हाथ में हथियार हैं, उनसे अपील करता हूं कि वे हथियार डालकर मुख्यधारा में लौट आएं। जब कोई नक्सली मारा जाता है तो कोई खुश नहीं होता। इस क्षेत्र को विकास की जरूरत है।”

 

अगले चैत्र नवरात्रि तक लाल आतंक खत्म हो जाएगा
केंद्रीय गृहमंत्री ने यह भी कहा, “विष्णु देव साय और विजय शर्मा ने घोषणा की है कि जो गांव नक्सलियों को सरेंडर कराएगा, उस गांव को नक्सल-मुक्त घोषित किया जाएगा और उस गांव को विकास निधि के रूप में एक करोड़ रुपये दिए जाएंगे।” उन्होंने नक्सलियों से कहा, “मुख्यधारा से जुड़िए, भारत सरकार और छत्तीसगढ़ सरकार आपकी पूरी सुरक्षा करेगी।” अमित शाह ने यह भी कहा कि अगले चैत्र नवरात्रि तक बस्तर क्षेत्र से लाल आतंक खत्म हो जाएगा।

मां दंतेश्वरी के मंदिर में दर्शन किए
इससे पहले, अमित शाह ने दंतेवाड़ा पहुंचने के बाद सबसे पहले मां दंतेश्वरी के मंदिर में दर्शन किए। यहां वह धोती-कुर्ता पहनकर नजर आए और मां का आशीर्वाद लिया। इसके बाद वह बस्तर पंडुम के समापन कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां उनका स्वागत माला और गौर मुकुट पहनाकर किया गया। इस मौके पर उन्होंने बस्तर के पारंपरिक खाद्य पदार्थ और ड्रिंक्स का भी स्वाद लिया। शाम को, अमित शाह रायपुर में उच्च स्तरीय बैठक लेंगे और फिर दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें