Site icon Dainik Savera Times

BJP की सरकार दिल्ली चलाने के योग्य नहीं, बिजली कटौती को लेकर आतिशी का हमला

नेशनल डेस्क: AAP की नेता और दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता आतिशी ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद दिल्ली में बिजली की कटौती बढ़ी है। भाजपा की सरकार दिल्ली चलाने के योग्य नहीं है, जिससे 24 घंटे बिजली देने का मॉडल भी फेल हो गया है।

भाजपा को सरकार चलाना नहीं आता: आतिशी
आतिशी ने मीडिया ने कहा, “दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने के बाद से बिजली कटौती लगातार बढ़ी है। सोशल मीडिया पर आप रोज़ाना ऐसी पोस्ट देख सकते हैं, जिसमें लोग बिजली कटौती की शिकायत कर रहे हैं। दिल्ली सरकार के आंकड़ों से भी पता चलता है कि 1 मार्च से दिल्ली के कई इलाकों में बिजली कटौती बढ़ी है।” उन्होंने भाजपा की सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा, “भाजपा को सरकार चलाना नहीं आता, और इसलिए 24 घंटे बिजली आपूर्ति का जो मॉडल था, वह अब विफल हो चुका है।”

बिजली व्यवस्था को और भी बदतर बना दिया
आतिशी ने यह भी बताया कि अरविंद केजरीवाल के शासनकाल में पिछले 10 वर्षों के दौरान दिल्ली में इनवर्टर और जनरेटर का उपयोग काफी कम हो गया था। आतिशी ने कहा, “पिछले 10 सालों में दिल्ली के लोगों के घरों से इनवर्टर गायब हो गए थे। इस साल भी लोग इनवर्टर की नई बैटरी नहीं खरीद रहे हैं।” इसके अलावा, बुराड़ी के जगतपुर गांव के लोगों ने भी बिजली कटौती के खिलाफ प्रदर्शन किया था। उन्होंने दिल्ली के बिजली विभाग पर आरोप लगाए थे कि उनकी बिजली की स्थिति बहुत खराब हो गई है। अरविंद केजरीवाल ने भी भाजपा की दिल्ली सरकार पर आरोप लगाया कि उन्होंने राजधानी की बिजली व्यवस्था को और भी बदतर बना दिया है।

2500 रुपए देने का वादा पूरा नहीं किया
आतिशी ने भाजपा पर एक और गंभीर आरोप लगाया। उनका कहना था कि भाजपा ने चुनाव के दौरान महिलाओं से किए गए वादे को पूरा नहीं किया। “भाजपा ने दिल्ली की महिलाओं से वादा किया था कि 8 मार्च तक उनके खातों में 2500 रुपए जमा कर दिए जाएंगे, लेकिन यह वादा पूरा नहीं हुआ। जब हमने विधानसभा में इस मुद्दे पर सवाल पूछा, तो हमें बाहर कर दिया गया। इसका मतलब साफ है कि भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली की महिलाओं से झूठ बोला और उन्हें ‘जुमला’ दिया,” आतिशी ने कहा। आतिशी और उनके पार्टी सहयोगियों ने 28 मार्च को दिल्ली विधानसभा में महिला समृद्धि योजना 2025 के मुद्दे पर भाजपा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी किया था।

Exit mobile version