Site icon Dainik Savera Times

संविधान की प्रस्तावना नहीं बदलेगी भाजपा सरकार, आरक्षण रहेगा बरकरार: रक्षा मंत्री

Rajnath Singh

Rajnath Singh

नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार कभी भी संविधान नहीं बदलेगी और न ही आरक्षण खत्म करेगी। उन्होंने कांग्रेस पर भय पैदा करने और वोट बैंक की राजनीति के लिए गलत सूचना फैलाने का आरोप लगाया। सिंह ने एक साक्षात्कार के दौरान कांग्रेस पर यह अफवाह फैलाने का आरोप लगाया कि भाजपा सत्ता में रही तो संविधान बदल देगी। उन्होंने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि संविधान की प्रस्तावना को बदलने का कोई सवाल ही नहीं है। कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि भाजपा अगर सत्ता में रही तो वह संविधान को फाड़कर फेंक देगी। कांग्रेस के कुछ अन्य पदाधिकारियों ने आशंका जताई है कि भाजपा संविधान की प्रस्तावना से धर्मनिरपेक्ष शब्द हटा सकती है।

रक्षा मंत्री ने कहा, कांग्रेस ने संविधान में 80 बार संशोधन किए। उन्होंने आपातकाल के दौरान प्रस्तावना में बदलाव किया। सिंह ने कहा, भाजपा संविधान नहीं बदलेगी। संविधान निर्माताओं ने कभी नहीं सोचा था कि प्रस्तावना में कोई बदलाव होगा। आपने (कांग्रेस) संविधान के मूल विचार को चोट पहुंचाने का काम किया। उन्होंने कहा, संविधान की प्रस्तावना को बदलने का कोई सवाल ही नहीं है। उन्होंने इसे बदल दिया और अब वे हमपर निराधार आरोप लगा रहे हैं। भारत के संविधान की प्रस्तावना संविधान के सिद्धांतों को प्रस्तुत करती है। साल 1976 में 42वें संशोधन के तहत भारत के परिचय को संप्रभु लोकतांत्रिक गणराज्य से संप्रभु समाजवादी धर्मनिरपेक्ष लोकतांत्रिक गणराज्य में बदल दिया गया। सिंह ने कहा, ‘‘वे (कांग्रेस) नागरिकों में डर पैदा करके लोगों का समर्थन हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं सुझाव देना चाहता हूं कि उन्हें विश्वास पैदा करके लोगों का समर्थन हासिल करने की कोशिश करनी चाहिए, न कि डर पैदा करके।

चुनावी अभियान तथ्यों पर आधारित होना चाहिए। शुक्रवार को राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) भारत के लोकतंत्र पर लगातार हमला कर रहे हैं और देश के संविधान को नष्ट करना चाहते हैं। रक्षा मंत्री ने कहा, कांग्रेस भय का माहौल पैदा कर रही है और वोट बैंक की राजनीति के लिए गलत सूचना फैला रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरक्षण के मुद्दे पर भी कांग्रेस देश को गुमराह कर रही है।

सिंह ने कहा, ‘‘कांग्रेस लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। आरक्षण खत्म नहीं होगा। वे हमपर झूठे आरोप लगा रहे हैं।’’ कांग्रेस ने भाजपा नेताओं से इस बारे में पार्टी का रुख स्पष्ट करने को कहा है कि क्या वह अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षण पर 50 प्रतिशत की सीमा हटा देगी। कांग्रेस के स्पष्टीकरण मांगे जाने पर सिंह ने कहा, हम आरक्षण के साथ बिल्कुल भी छेड़छाड़ नहीं करेंगे।

Exit mobile version