Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

फरीदाबाद में मतदान केंद्र के बाहर BJP कार्यकर्ता को मारी गोली, अस्पताल में भर्ती 

October 7, 2024

फरीदाबाद में मतदान केंद्र के बाहर BJP कार्यकर्ता को मारी गोली, अस्पताल में भर्ती 
फरीदाबाद : हरियाणा में पांच अक्टूबर को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान के दौरान यहां एक मतदान केंद्र के बाहर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 30 वर्षीय कार्यकर्ता को मोटरसाइकिल पर आए दो व्यक्तियों ने कथित तौर पर गोली मार दी, जो उसकी कमर में लगी और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि यह घटना शनिवार को हुई जब पिछले 14 वर्ष से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से संबद्ध रजनीश निधि पब्लिक स्कूल के करीब बैठा था और लोग मतदान के दौरान अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि दो हमलावर आए, उनका चेहरा ‘गमछे’ से ढका था और उनकी मोटरसाइकिल पर नंबर प्लेट नहीं थी। उन्होंने रजनीश से थोड़ी बातचीत की और फिर उस पर गोली चला दी। पुलिस ने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता को कमर में गोली लगी तथा उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सहायक पुलिस आयुक्त विवेक कुंडू ने निजी अस्पताल का दौरा किया और कहा कि उन्हें मालूम हुआ है कि पीड़ित की हालत स्थिर है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रजनीश फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र में भरत कॉलोनी का रहने वाला है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पूर्व कैबिनेट मंत्री और फरीदाबाद विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी विपुल गोयल ने अस्पताल जाकर रजनीश का हाल-चाल लिया। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि चाहे पीड़ित भाजपा कार्यकर्ता हो या किसी अन्य पार्टी का सदस्य, कानून सभी को समान सुरक्षा देता है।
एक प्रत्यक्षदर्शी कोमल पंडित ने बताया कि लोग निधि पब्लिक स्कूल के बाहर खड़े थे तभी दो लोग एक मोटरसाइकिल पर आए। उन्होंने बताया कि वह देख नहीं पाए कि किसने गोली चलायी। उन्होंने कहा कि रजनीश इससे पहले उस दिन हुई एक ‘‘मामूली घटना’’ में शामिल था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें