Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

जैसलमेर के किशनघाट में संदिग्ध बम जैसी वस्तु मिलने से मचा हड़कंप, सेना और वायुसेना सतर्क

May 9, 2025

जैसलमेर के किशनघाट में संदिग्ध बम जैसी वस्तु मिलने से मचा हड़कंप, सेना और वायुसेना सतर्क

जयपुर: राजस्थान के जैसलमेर जिले के किशनघाट क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक संदिग्ध बम जैसी वस्तु मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों की सतर्कता और तत्परता के चलते पुलिस और भारतीय वायुसेना की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है।

कोतवाली थाने के प्रभारी प्रेम दान ने जानकारी दी कि यह वस्तु जोगियों की बस्ती के समीप स्थित एक नर्सरी के पास देखी गई। प्रथम दृष्टया यह किसी विस्फोटक वस्तु जैसी प्रतीत होती है। फिलहाल सेना की विशेष टीम को वस्तु की जांच और निष्क्रिय करने के लिए मौके पर भेजा गया है।

-संदिग्ध वस्तु दिखने से मचा हड़कंप

स्थानीय निवासी अर्जुन नाथ ने सबसे पहले इस संदिग्ध वस्तु को देखा और इसकी सूचना क्षेत्र के सरपंच प्रतिनिधि कल्याण राम को दी। कल्याण राम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दी।

-जैसलमेर में दिखा संदिग्ध ड्रोन

जानकारी के अनुसार, यह वस्तु गुरुवार रात करीब 10:30 बजे देखे गए एक संदिग्ध ड्रोन के टुकड़े जैसी नजर आ रही है, जिसे जैसलमेर की ओर पाकिस्तान की सीमा से उड़ता हुआ देखा गया था। हालांकि, अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को सख्त कर दिया गया है और नागरिकों से शांत रहने व प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। प्रशासन द्वारा यह भी कहा गया है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें और कोई संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को सूचित करें।

-वस्तु सक्रिय विस्फोटक है या निष्क्रिय

विशेषज्ञों की टीम द्वारा वस्तु की जांच की जा रही है और यह स्पष्ट होने की प्रतीक्षा है कि यह वस्तु सक्रिय विस्फोटक है या निष्क्रिय। इस घटनाक्रम के चलते सीमावर्ती इलाके में चौकसी और निगरानी और अधिक बढ़ा दी गई है।

ये भी पढ़ें- BREAKING : बंगाल चुनाव के लिए BJP ने जारी की 13 उम्मीदवारों की चौथी लिस्ट

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें